गौतमबुद्धनगर में वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों को लेकर जागरूकता शिविर, वृद्धाश्रम का निरीक्षण भी किया गया

0 22

गौतमबुद्धनगर : माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिकों के भरण-पोषण तथा कल्याण अधिनियम-2007 के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जनपद के राजकीय वृद्धाश्रम ग्राम रीलखा में जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशों के क्रम में आयोजित हुआ।

शिविर का आयोजन जनपद न्यायाधीश अतुल श्रीवास्तव के मार्गदर्शन और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव शिवानी रावत के निर्देशन में किया गया। कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ नागरिकों को उनके अधिकारों और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।

वरिष्ठ नागरिकों ने रखीं अपनी समस्याएं

शिविर के दौरान सचिव शिवानी रावत ने वृद्धाश्रम में रह रहे वरिष्ठ नागरिकों से उनके खानपान, रहन-सहन और अन्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। इस दौरान कई वरिष्ठ नागरिकों ने आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड, वृद्धा पेंशन और विधवा पेंशन से जुड़े दस्तावेज न बनने की समस्या उठाई।

उन्होंने बताया कि आवश्यक दस्तावेज नहीं होने की वजह से उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

कर्मचारियों को सूची तैयार करने के निर्देश

मामले को गंभीरता से लेते हुए शिविर में मौजूद कर्मचारियों को निर्देश दिए गए कि सभी वरिष्ठ नागरिकों की सूची तैयार कर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय को उपलब्ध कराई जाए। इससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि किन वरिष्ठ नागरिकों के आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड, वृद्धा पेंशन और विधवा पेंशन संबंधी दस्तावेज अब तक नहीं बन पाए हैं।

वृद्धाश्रम के रजिस्टरों में मिलीं त्रुटियां

जागरूकता शिविर के साथ-साथ सचिव द्वारा राजकीय वृद्धाश्रम का निरीक्षण भी किया गया। निरीक्षण के दौरान आश्रम के विभिन्न रजिस्टरों का अवलोकन किया गया, जिसमें कई त्रुटियां पाई गईं।

इस पर संबंधित कर्मचारियों को रजिस्टरों को तत्काल सही करने और अभिलेखों को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.