गौतमबुद्धनगर में आबकारी नीति 2026-27 के तहत ई-लॉटरी संपन्न, 11 शराब दुकानों के आवंटन से करीब 50 करोड़ राजस्व की उम्मीद
गौतमबुद्धनगर : आबकारी नीति 2026-27 के तहत जनपद गौतमबुद्धनगर में पंचम चरण की ई-लॉटरी प्रक्रिया शुक्रवार को कलेक्ट्रेट एनआईसी सभागार में संपन्न हुई। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अजीत कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित इस प्रक्रिया के तहत कुल 11 मदिरा दुकानों का ऑनलाइन आवंटन किया गया।
ई-लॉटरी प्रक्रिया का लाइव प्रसारण एलईडी स्क्रीन के माध्यम से किया गया, जिसे अधिकारियों और आवेदकों की मौजूदगी में संपन्न कराया गया।
देशी मदिरा और मॉडल शॉप की दुकानों का हुआ आवंटन
ई-लॉटरी के तहत एक अवस्थित देशी मदिरा दुकान, पांच नवसर्जित देशी मदिरा दुकानें, तीन अव्यवस्थित मॉडल शॉप और दो नवसर्जित मॉडल शॉप समेत कुल 11 दुकानों का आवंटन किया गया।

जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार ने बताया कि देशी मदिरा की छह दुकानों के लिए कुल 243 आवेदन प्राप्त हुए, जबकि मॉडल शॉप की पांच दुकानों के लिए 117 आवेदन आए। इस प्रकार कुल 360 आवेदन ई-लॉटरी प्रक्रिया में शामिल हुए।
आवेदनों से 2.75 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त
जिला आबकारी अधिकारी के मुताबिक ई-लॉटरी प्रक्रिया में प्राप्त आवेदनों के जरिए करीब 2.75 करोड़ रुपये का राजस्व हासिल हुआ है। वहीं, इन 11 दुकानों के व्यवस्थापन से सरकार को लगभग 50 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त होने की संभावना है।
अधिकारियों की मौजूदगी में पूरी हुई प्रक्रिया
ई-लॉटरी प्रक्रिया के दौरान नामित सहायक आबकारी आयुक्त मोहन मीकिंग, पुलिस विभाग के नामित अधिकारी और सभी आबकारी निरीक्षक मौजूद रहे। प्रशासन की ओर से पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने का दावा किया गया।