दिल्ली में ट्रैफिक चालान सिस्टम हुआ हाईटेक, अब मौके पर फोटो के साथ कटेगा ई-चालान; UPI और कार्ड से तुरंत होगा भुगतान

0 23

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में ट्रैफिक नियमों के पालन को और अधिक पारदर्शी तथा तकनीक आधारित बनाने के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने अपने ई-चालान सिस्टम को बड़े स्तर पर अपग्रेड किया है। नई व्यवस्था के तहत अब ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालक मौके पर ही डिजिटल माध्यम से चालान का भुगतान कर सकेंगे। इसके साथ ही नई ई-चालान मशीनों में वाहन और चालक की तस्वीर लेने जैसी सुविधाएं भी जोड़ी गई हैं।

अब नकदी की जरूरत नहीं, मौके पर ही भर सकेंगे चालान

नई डिजिटल व्यवस्था लागू होने के बाद वाहन चालकों को चालान जमा करने के लिए नकद भुगतान या अन्य प्रक्रियाओं की चिंता नहीं करनी होगी। ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले लोग मौके पर ही यूपीआई, डेबिट कार्ड और क्रेडिट कार्ड के जरिए अपना चालान भर सकेंगे। इससे पूरी प्रक्रिया पहले के मुकाबले अधिक आसान और तेज हो जाएगी।

हैंडहेल्ड डिवाइस से मिलेगा तुरंत भुगतान का विकल्प

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के जवानों को नई हैंडहेल्ड ई-चालान मशीनें उपलब्ध कराई गई हैं। इन डिवाइसों की मदद से सड़क पर ही चालान जारी किया जाएगा और उसी समय डिजिटल भुगतान स्वीकार किया जा सकेगा। खास बात यह है कि नए चालान के अलावा पुराने लंबित चालानों का भुगतान भी ट्रैफिक कर्मियों की सहायता से डिजिटल तरीके से किया जा सकेगा।

1,500 नई हाईटेक मशीनों से लैस हुई ट्रैफिक पुलिस

कैशलेस लेनदेन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ट्रैफिक पुलिस को फिलहाल 1,500 नई उन्नत ई-चालान मशीनें दी गई हैं। इन मशीनों में मौके पर ही वाहन और चालक की तस्वीर लेने की सुविधा मौजूद है, जिससे चालान प्रक्रिया अधिक सटीक और पारदर्शी बन सकेगी।

तुरंत कटेगा चालान, क्रेन से उठी गाड़ी की भी मिलेगी जानकारी

नई मशीनों में कई आधुनिक फीचर्स जोड़े गए हैं। इनमें तेज गति से चालान जनरेट करने की सुविधा शामिल है, जिससे कार्रवाई और भुगतान दोनों प्रक्रिया तेजी से पूरी हो सकेगी। यदि किसी वाहन को नियम उल्लंघन के कारण क्रेन से उठाया जाता है तो वाहन मालिक के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर तुरंत सूचना भेजी जाएगी।

भारत बिल पेमेंट सिस्टम से जुड़ा ई-चालान प्लेटफॉर्म

जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के ई-चालान सिस्टम को भारत बिल पेमेंट सिस्टम से भी जोड़ दिया गया है। इसके बाद वाहन चालक किसी भी यूपीआई आधारित मोबाइल एप के जरिए अपने नए या पुराने कंपाउंडेबल चालानों का भुगतान कहीं से भी सुरक्षित तरीके से कर सकेंगे।

अधिकारियों को दी गई विशेष ट्रेनिंग

नई व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए सभी फील्ड अधिकारियों और सर्कल ट्रैफिक इंस्पेक्टरों के लिए विशेष ऑनलाइन प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए गए। इस दौरान उन्हें नई मशीनों के संचालन, डिजिटल भुगतान प्रक्रिया और आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान से जुड़ी जानकारी दी गई।

ट्रैफिक पुलिस ने क्या कहा?

ट्रैफिक विभाग की अतिरिक्त पुलिस आयुक्त विजयंता गोयल आर्या के अनुसार डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर को और मजबूत बनाने के लिए फील्ड अधिकारियों को नई अपग्रेडेड ई-चालान मशीनें उपलब्ध कराई गई हैं। इन मशीनों के जरिए चालान प्रक्रिया को अधिक आधुनिक, पारदर्शी और जनहितैषी बनाया जाएगा।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.