हार्ट अटैक या मेडिकल इमरजेंसी में तुरंत पहुंचेगी मदद, देश की पहली हॉस्पिटल-कनेक्टेड SOS डिवाइस लॉन्च
नई दिल्ली: स्वास्थ्य सेवाओं को तकनीक के साथ जोड़ने की दिशा में एक बड़ी पहल करते हुए इंडियन स्पाइनल इंजरीज सेंटर और डॉक्टर रिंग ने देश की पहली हॉस्पिटल-इंटीग्रेटेड स्मार्ट SOS इमरजेंसी रिस्पॉन्स डिवाइस लॉन्च की है। यह पहनने योग्य स्मार्ट डिवाइस किसी भी स्वास्थ्य आपात स्थिति के दौरान सीधे अस्पताल के इमरजेंसी सिस्टम को अलर्ट भेजने में सक्षम है। दावा किया जा रहा है कि इस तरह की सुविधा देने वाला यह देश का पहला इंटीग्रेटेड इमरजेंसी रिस्पॉन्स इकोसिस्टम है।
आपात स्थिति में सीधे अस्पताल तक पहुंचेगा अलर्ट
नई तकनीक से लैस यह स्मार्ट हेल्थ डिवाइस मोबाइल नेटवर्क के जरिए अस्पताल के इमरजेंसी सिस्टम से सीधे जुड़ा रहता है। यदि उपयोगकर्ता को अचानक सीने में दर्द, सांस लेने में परेशानी, गिरने की घटना, पैनिक अटैक या किसी अन्य मेडिकल इमरजेंसी का सामना करना पड़ता है तो यह डिवाइस तुरंत अस्पताल की आपातकालीन टीम को सूचना भेज देता है।
SOS बटन दबाते ही डॉक्टर से होगा सीधा संपर्क
इंडियन स्पाइनल इंजरीज सेंटर के मुख्य परिचालन अधिकारी डॉ. आशीष चंद्रा के अनुसार, किसी भी आपात स्थिति में उपयोगकर्ता जैसे ही SOS बटन दबाएगा, सिस्टम सक्रिय होकर सीधे अस्पताल में मौजूद ड्यूटी डॉक्टर से संपर्क स्थापित कर देगा। जरूरत पड़ने पर यह तकनीक एम्बुलेंस सेवा, इमरजेंसी संपर्क और मेडिकल एस्केलेशन प्रक्रिया को भी तुरंत शुरू कर सकती है।
वरिष्ठ नागरिकों और मरीजों के लिए विशेष रूप से तैयार
यह इंटीग्रेटेड इमरजेंसी रिस्पॉन्स सर्विसेज इकोसिस्टम खास तौर पर वरिष्ठ नागरिकों, ऑपरेशन के बाद रिकवरी कर रहे मरीजों और उन लोगों को ध्यान में रखकर विकसित किया गया है, जिन्हें लगातार स्वास्थ्य निगरानी की आवश्यकता होती है। इसका उद्देश्य संकट की घड़ी में मदद पहुंचाने के समय को कम करना और त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराना है।
मेडिकल इमरजेंसी में समय पर सहायता पहुंचाना लक्ष्य
डॉक्टर रिंग के डॉ. शिव कुमार ने कहा कि यह तकनीक मेडिकल इमरजेंसी के दौरान समय पर सहायता पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। उन्होंने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं को मरीजों के लिए हर समय सुलभ और सक्रिय बनाए रखना है, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
स्वास्थ्य क्षेत्र में तकनीक का नया कदम
विशेषज्ञों का मानना है कि अस्पताल से सीधे जुड़ी इस तरह की स्मार्ट डिवाइस स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक नई शुरुआत साबित हो सकती है। इससे मरीजों और उनके परिजनों को आपात स्थिति में तेजी से मदद मिलने की संभावना बढ़ेगी और अस्पतालों की प्रतिक्रिया प्रणाली भी अधिक प्रभावी बन सकेगी।