गाजियाबाद में एनकाउंटर में ढेर हुआ ईद के दिन दोस्त की हत्या करने वाला असद

0 11

 

गाजियाबाद: दिल्ली से सटी खोड़ा कॉलोनी में ईद के दिन अपने ही दोस्त सूर्या चौहान की बेरहमी से हत्या करने वाला मुख्य आरोपी असद पुलिस मुठभेड़ में ढेर हो गया। गाजियाबाद पुलिस ने उसे इंदिरापुरम के अभयखंड इलाके में शनिवार रात हुए एनकाउंटर में मार गिराया। इस कार्रवाई के दौरान एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हत्या के बाद से फरार था असद, घोषित था 50 हजार का इनाम
पुलिस के मुताबिक, सूर्या चौहान की हत्या के बाद से असद लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही थीं। सुराग न मिलने पर उस पर 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था। रविवार तड़के पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी अपने कुछ साथियों से मिलने खोड़ा क्षेत्र में आने वाला है, जिसके बाद पुलिस ने इलाके में सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया।

चेकिंग के दौरान पुलिस पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में ढेर
जानकारी के अनुसार, इंदिरापुरम के अभयखंड में चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवकों को रोकने की कोशिश की। रुकने के बजाय दोनों भागने लगे और पीछा किए जाने पर पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिसमें एक आरोपी को गोली लग गई और वह मौके पर गिर पड़ा, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

घायल आरोपी को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाद में उसकी पहचान सूर्या चौहान हत्याकांड के मुख्य आरोपी असद के रूप में हुई।

घेराबंदी के लिए पुलिस ने की थी सख्त तैयारी
डीसीपी धवल जायसवाल के अनुसार, सूचना मिलते ही पुलिस अलर्ट हो गई थी और खोड़ा तथा इंदिरापुरम थानों की संयुक्त टीमों को तैनात किया गया था। क्षेत्र के सभी प्रवेश मार्गों पर बैरिकेडिंग कर वाहनों की जांच की जा रही थी ताकि आरोपी को भागने का मौका न मिले।

हत्या की वारदात से इलाके में फैला था आक्रोश
बताया जा रहा है कि ईद के दिन 28 मई को असद ने अपने दोस्त सूर्या चौहान को दावत के बहाने घर बुलाया था। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद उसके साथियों के साथ मिलकर उसने विवाद के बाद सूर्या पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया था। गंभीर रूप से घायल सूर्या की मौके पर ही मौत हो गई थी।

इस जघन्य वारदात के बाद पीड़ित परिवार और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश था और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही थी। मामले में पुलिस पहले ही तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि फरार साथियों की तलाश अभी भी जारी है।

एनकाउंटर में हथियार और बाइक बरामद, जांच जारी
पुलिस ने मौके से अवैध हथियार और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। फिलहाल फरार आरोपी की तलाश के लिए छापेमारी तेज कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि बाकी आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.