IPL 2026 Awards List: वैभव सूर्यवंशी का रहा दबदबा, ऑरेंज कैप से लेकर कई बड़े अवॉर्ड किए अपने नाम

0 29

अहमदाबाद: आईपीएल 2026 का समापन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लगातार दूसरी बार चैंपियन बनने के साथ हुआ, लेकिन व्यक्तिगत प्रदर्शन की बात करें तो इस सीजन पर सबसे ज्यादा छाप युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने छोड़ी। राजस्थान रॉयल्स भले ही खिताब नहीं जीत सकी, लेकिन वैभव ने अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर कई प्रतिष्ठित अवॉर्ड अपने नाम कर लिए।

रजत पाटीदार की कप्तानी में आरसीबी ने फाइनल में गुजरात टाइटंस को 5 विकेट से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। वहीं सीजन खत्म होने के बाद विभिन्न व्यक्तिगत और टीम अवॉर्ड्स की सूची भी सामने आ गई है।

776 रन बनाकर वैभव ने जीती ऑरेंज कैप

राजस्थान रॉयल्स के बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी पूरे सीजन शानदार लय में नजर आए। उन्होंने 776 रन बनाकर आईपीएल 2026 की ऑरेंज कैप अपने नाम की। फाइनल तक शुभमन गिल और साई सुदर्शन भी इस दौड़ में बने हुए थे, लेकिन आखिरी मुकाबले में बड़ी पारी नहीं खेल पाने के कारण वे वैभव को पीछे नहीं छोड़ सके।

वैभव का यह प्रदर्शन पूरे सीजन चर्चा का केंद्र बना रहा और उन्होंने बल्लेबाजी में कई नए रिकॉर्ड भी अपने नाम किए।

पर्पल कैप पर कगिसो रबाडा का कब्जा

गुजरात टाइटंस के तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा ने पूरे टूर्नामेंट में 29 विकेट लेकर पर्पल कैप हासिल की। वह इस सीजन सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे।

आरसीबी के अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार पर्पल कैप की रेस में अंत तक बने रहे, लेकिन वह केवल एक विकेट से पीछे रह गए। उनके खाते में 28 विकेट दर्ज हुए।

फेयरप्ले अवॉर्ड पंजाब किंग्स के नाम

आईपीएल 2026 का फेयरप्ले अवॉर्ड पंजाब किंग्स को मिला। हालांकि टीम का प्रदर्शन सीजन के दूसरे हिस्से में उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा और वह प्लेऑफ में जगह बनाने में भी सफल नहीं हो सकी, लेकिन खेल भावना और अनुशासन के मामले में पंजाब किंग्स सबसे आगे रही।

मनीष पांडे बने ‘कैच ऑफ द सीजन’ के विजेता

इस सीजन का ‘कैच ऑफ द सीजन’ अवॉर्ड मनीष पांडे को मिला। कोलकाता नाइट राइडर्स और आरसीबी के बीच खेले गए मुकाबले में उन्होंने टिम डेविड का शानदार कैच पकड़कर सभी को हैरान कर दिया था। उसी कैच को पूरे टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ कैच चुना गया।

डॉट बॉल के बादशाह बने मोहम्मद सिराज

गुजरात टाइटंस के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने पूरे सीजन सबसे ज्यादा डॉट गेंदें फेंकने का रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने 172 गेंदें ऐसी डालीं, जिन पर बल्लेबाज कोई रन नहीं बना सके। उनकी सटीक गेंदबाजी ने गुजरात को पूरे टूर्नामेंट में मजबूती प्रदान की।

सबसे ज्यादा चौके लगाने वाले बल्लेबाज बने साई सुदर्शन

गुजरात टाइटंस के सलामी बल्लेबाज साई सुदर्शन ने आईपीएल 2026 में सबसे ज्यादा चौके लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया। उन्होंने पूरे सीजन 75 चौके जड़े और इस सूची में शीर्ष स्थान हासिल किया।

इमर्जिंग प्लेयर और सुपर स्ट्राइकर भी बने वैभव

वैभव सूर्यवंशी का दबदबा सिर्फ ऑरेंज कैप तक सीमित नहीं रहा। उन्हें ‘इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन’ और ‘सुपर स्ट्राइकर ऑफ द ईयर’ का अवॉर्ड भी मिला।

पूरे सीजन उन्होंने 237.3 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की, जो टूर्नामेंट में सबसे बेहतरीन रही। इसके अलावा ‘सुपर सिक्स’ अवॉर्ड भी उनके नाम रहा। वैभव ने सीजन में कुल 72 छक्के लगाए और 2012 में क्रिस गेल द्वारा बनाए गए 59 छक्कों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।

IPL 2026 प्रमुख अवॉर्ड विजेता

  • ऑरेंज कैप – वैभव सूर्यवंशी (776 रन)
  • पर्पल कैप – कगिसो रबाडा (29 विकेट)
  • फेयरप्ले अवॉर्ड – पंजाब किंग्स
  • कैच ऑफ द सीजन – मनीष पांडे
  • सबसे ज्यादा डॉट बॉल – मोहम्मद सिराज (172)
  • सबसे ज्यादा चौके – साई सुदर्शन (75)
  • इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन – वैभव सूर्यवंशी
  • सुपर स्ट्राइकर ऑफ द ईयर – वैभव सूर्यवंशी
  • सुपर सिक्स अवॉर्ड – वैभव सूर्यवंशी (72 छक्के)

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.