IPL 2026 में वैभव सूर्यवंशी का धमाका, 15 साल के बल्लेबाज ने जीते 5 बड़े अवॉर्ड; इनाम में मिली लाखों की रकम
अहमदाबाद: आईपीएल 2026 का खिताब भले ही रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने अपने नाम किया हो, लेकिन पूरे सीजन में अगर किसी खिलाड़ी ने सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरीं तो वह राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी रहे। महज 15 साल की उम्र में वैभव ने अपने विस्फोटक प्रदर्शन से क्रिकेट जगत को चौंका दिया और अवॉर्ड समारोह में भी उनका दबदबा देखने को मिला।
आईपीएल 2026 के समापन के बाद घोषित पुरस्कारों में वैभव सूर्यवंशी ने एक-दो नहीं बल्कि पांच बड़े अवॉर्ड अपने नाम किए। शानदार बल्लेबाजी के दम पर उन्होंने ऑरेंज कैप जीतने के साथ-साथ कई व्यक्तिगत सम्मान भी हासिल किए।
ऑरेंज कैप जीतकर बने सबसे युवा बल्लेबाज
वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में 16 मैचों के दौरान 776 रन बनाए और टूर्नामेंट के सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बने। इसी प्रदर्शन के दम पर उन्होंने ऑरेंज कैप अपने नाम की। इस उपलब्धि के लिए उन्हें 10 लाख रुपये की पुरस्कार राशि भी प्रदान की गई।
सबसे खास बात यह रही कि वैभव आईपीएल इतिहास में ऑरेंज कैप जीतने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए।
मोस्ट वैल्युएबल प्लेयर का खिताब भी किया अपने नाम
पूरे सीजन में लगातार प्रभावशाली प्रदर्शन करने वाले वैभव को ‘मोस्ट वैल्युएबल प्लेयर ऑफ द सीजन’ चुना गया। उन्होंने 16 मुकाबलों में कुल 436.5 अंक हासिल किए और अन्य खिलाड़ियों को पीछे छोड़ दिया। इस सम्मान के साथ उन्हें 15 लाख रुपये की पुरस्कार राशि मिली।
237.30 के स्ट्राइक रेट से जीता सुपर स्ट्राइकर अवॉर्ड
वैभव की बल्लेबाजी की सबसे बड़ी खासियत उनका आक्रामक अंदाज रहा। उन्होंने पूरे सीजन 237.30 के बेहतरीन स्ट्राइक रेट से रन बनाए, जो टूर्नामेंट में सबसे अधिक रहा। इसके लिए उन्हें ‘सुपर स्ट्राइकर ऑफ द सीजन’ अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।
इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन बने वैभव
युवा प्रतिभा के रूप में शानदार प्रदर्शन करने वाले वैभव सूर्यवंशी को ‘इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन’ चुना गया। इस सम्मान के तहत उन्हें ट्रॉफी के साथ 10 लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।
72 छक्कों के साथ तोड़ा क्रिस गेल का रिकॉर्ड
वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में कुल 72 छक्के लगाए और एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। उन्होंने इस मामले में क्रिस गेल का पुराना रिकॉर्ड भी तोड़ दिया।
‘सुपर सिक्सेस ऑफ द
सीजन’ अवॉर्ड के लिए भी उन्हें 10 लाख रुपये का इनाम मिला।
आंकड़ों में दिखा वैभव का दबदबा
पूरे सीजन में वैभव सूर्यवंशी का प्रदर्शन असाधारण रहा। उन्होंने 16 मैचों में 48.50 की औसत और 237.31 के स्ट्राइक रेट से 776 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 1 शतक और 5 अर्धशतक निकले।
राजस्थान रॉयल्स खिताब जीतने में भले सफल नहीं रही, लेकिन प्लेऑफ में वैभव की पारियां लंबे समय तक याद रखी जाएंगी। उन्होंने एलिमिनेटर में 97 रन और क्वालिफायर-2 में 96 रन की शानदार पारी खेलकर अपनी टीम को मजबूती दी।
वैभव सूर्यवंशी को मिले अवॉर्ड्स
- ऑरेंज कैप (776 रन) – 10 लाख रुपये
- मोस्ट वैल्युएबल प्लेयर ऑफ द सीजन – 15 लाख रुपये
- सुपर स्ट्राइकर ऑफ द सीजन
- इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन – 10 लाख रुपये
- सुपर सिक्सेस ऑफ द सीजन – 10 लाख रुपये