यूपी के सभी 75 जिलों में 7 जून तक चलेगा विशेष अभियान, महिला दुग्ध उत्पादकों को मिलेगा सम्मान

0 18

लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार ने विश्व दुग्ध दिवस सप्ताह के अवसर पर प्रदेशभर में विशेष जागरूकता अभियान चलाने का फैसला किया है। यह अभियान राज्य के सभी 75 जिलों में 7 जून तक संचालित किया जाएगा। अभियान के तहत गोशालाओं में स्वच्छता, पशु कल्याण, गोसंवर्धन और दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला दुग्ध उत्पादकों को सम्मानित भी किया जाएगा।

पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अभियान को व्यापक स्तर पर संचालित किया जाए और अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में देसी गायों के पालन को बढ़ावा देने के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएं तथा पशुपालकों को प्रोत्साहित करने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।

मंत्री ने गोशालाओं में साफ-सफाई, रखरखाव और आसपास के क्षेत्रों में पौधारोपण कराने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि गोशालाओं को स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएं।

बैठक के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि अभियान में मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, पशु चिकित्सा अधिकारी, पशुधन प्रसार अधिकारी, ब्लॉक प्रमुख, ग्राम प्रधान और अन्य जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए, ताकि कार्यक्रम का व्यापक प्रभाव दिखाई दे।

बैठक में भूसा संग्रहण अभियान की प्रगति की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि निर्धारित 1,37,42,018 क्विंटल लक्ष्य के मुकाबले अब तक 1,36,98,441 क्विंटल भूसा उपलब्ध कराया जा चुका है। इसमें 14,81,071 क्विंटल भूसा दान के माध्यम से तथा 1,22,17,369 क्विंटल भूसा खरीद के जरिए जुटाया गया है।

भूसा भंडारण व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए प्रदेश में 3,974 अस्थायी और 7,285 स्थायी भूसा बैंक स्थापित किए गए हैं। मंत्री ने निर्देश दिए कि जिन जिलों में अभी लक्ष्य पूरा नहीं हुआ है, वहां अभियान चलाकर जल्द से जल्द शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया जाए।

बैठक में विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने भी हिस्सा लिया तथा अभियान को प्रभावी बनाने के लिए विभिन्न सुझावों पर चर्चा की गई।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.