बालिका गृहों का हुआ निरीक्षण, किशोरियों को बताए गए विधिक अधिकार, निःशुल्क विधिक सहायता की दी गई जानकारी
गौतमबुद्धनगर: उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशों के क्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण गौतमबुद्धनगर की सचिव शिवानी रावत द्वारा सेक्टर-62 नोएडा स्थित राजकीय बालिका संप्रेषण गृह एवं राजकीय बाल गृह (बालिका) का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान किशोरियों के बीच विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें उन्हें उनके अधिकारों के प्रति विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
किशोरियों को दिए गए विधिक अधिकारों की जानकारी
शिविर के दौरान किशोरियों को निःशुल्क विधिक सहायता, बाल श्रम कानून सहित विभिन्न महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई। इस दौरान उपस्थित किशोरियों से उनके प्रकरणों की स्थिति, संस्थान में उपलब्ध सुविधाओं, भोजन व्यवस्था तथा अन्य समस्याओं के संबंध में भी जानकारी ली गई।
व्यक्तित्व विकास और रचनात्मक गतिविधियों के लिए किया प्रेरित
सचिव शिवानी रावत ने बालिका गृहों में रह रही किशोरियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे अपने समय का सदुपयोग करें और संस्थान में संचालित योग, नृत्य, सिलाई-कढ़ाई एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लें। उन्होंने कहा कि इन गतिविधियों से न केवल उनका व्यक्तित्व विकास होगा बल्कि वे भविष्य में समाज की मुख्यधारा से बेहतर रूप से जुड़ सकेंगी।
अधिकारियों की उपस्थिति में हुआ निरीक्षण
निरीक्षण एवं विधिक जागरूकता शिविर के दौरान प्रभारी अधीक्षिका अनुदिता सिंह सहित बाल गृह एवं संप्रेषण गृह का महिला स्टाफ उपस्थित रहा और पूरी प्रक्रिया में सहयोग प्रदान किया।