उत्तराखंड में मौसम का बदला मिजाज, देहरादून समेत 7 जिलों में आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट

0 29

देहरादून: उत्तराखंड में मानसून की गतिविधियां तेज होने लगी हैं। मौसम विभाग ने शुक्रवार को राज्य के सात जिलों में तेज आंधी, बारिश, गरज-चमक और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। वहीं बागेश्वर और पिथौरागढ़ में भारी बारिश की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और चंपावत जिलों में मौसम का असर अधिक देखने को मिल सकता है। इन क्षेत्रों में कहीं-कहीं तेज गर्जना के साथ बारिश होने और ओले गिरने की संभावना जताई गई है।

50 किलोमीटर प्रति घंटे तक चल सकती हैं तेज हवाएं

मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक प्रभावित जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज और झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। खराब मौसम को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। विभाग ने इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

बागेश्वर और पिथौरागढ़ में भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग ने विशेष रूप से बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में भारी वर्षा की संभावना जताई है। प्रशासन को संभावित आपदा स्थितियों के मद्देनजर सतर्क रहने और आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

बारिश से तापमान में आई गिरावट

गुरुवार शाम अचानक मौसम बदलने से देहरादून समेत राज्य के कई हिस्सों में तेज बारिश दर्ज की गई। दिन के समय तेज धूप और गर्मी के कारण अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, लेकिन शाम को हुई बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया और तापमान में गिरावट दर्ज की गई।

आपदा नियंत्रण कक्ष के नंबर जारी

संभावित आपदा परिस्थितियों को देखते हुए प्रशासन ने कंट्रोल रूम के संपर्क नंबर जारी किए हैं। किसी भी आपात स्थिति में नागरिक 9286459167 और 9286477117 पर सूचना दे सकते हैं। फिलहाल इन नंबरों पर रात 8 बजे तक संपर्क किया जा सकता है।

मसूरी में बारिश से बढ़ी ठंडक, पर्यटक हुए प्रभावित

पर्यटन नगरी मसूरी में भी गुरुवार शाम मौसम ने अचानक करवट ली। शाम करीब पांच बजे शुरू हुई बारिश और ठंडी हवाओं से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। बारिश के चलते माल रोड पर घूम रहे पर्यटकों को दुकानों और होटलों का रुख करना पड़ा, जिससे कुछ समय के लिए सड़कें लगभग खाली हो गईं।

केरल से आगे बढ़ रहा मानसून

मौसम विभाग के अनुसार मानसून ने तीन दिन की देरी से केरल में प्रवेश किया है और अब यह तेजी से आगे बढ़ रहा है। मानसून का असर केरल, लक्षद्वीप, कर्नाटक और तमिलनाडु के कई हिस्सों में दिखाई दे रहा है। अगले कुछ दिनों में इसके गोवा, महाराष्ट्र और आंध्र प्रदेश तक पहुंचने की संभावना जताई गई है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.