जनगणना 2027 में लापरवाही पर बड़ा एक्शन! 165 कर्मचारियों के खिलाफ FIR, शिक्षकों और आंगनवाड़ी कर्मियों पर भी गिरी गाज

0 28

नोएडा: जनगणना-2027 के तहत चल रहे राष्ट्रीय स्तर के महत्वपूर्ण कार्य में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। निर्धारित जिम्मेदारियों का निर्वहन नहीं करने और कार्यस्थल पर ड्यूटी शुरू न करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ प्रशासनिक एवं अनुशासनिक कार्रवाई तेज कर दी गई है। इसी क्रम में कुल 165 कर्मचारियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई गई है।

जनगणना कार्य की प्रगति रिपोर्ट के अनुसार कुल 2284 एचएलबी (HLB) में से 1605 एचएलबी पर कार्य जारी है, जबकि 16 एचएलबी का कार्य पूरा किया जा चुका है। वहीं 654 एचएलबी ऐसे हैं जहां अब तक कार्य प्रारंभ नहीं हो सका है। आंकड़ों के मुताबिक अभी तक लगभग 70 प्रतिशत एचएलबी ही लाइव हो पाए हैं।

92 शिक्षक और 43 आंगनवाड़ी कर्मियों पर दर्ज हुई FIR

प्रशासन की ओर से जारी जानकारी के अनुसार जनगणना जैसे अनिवार्य राष्ट्रीय कार्य में सहयोग नहीं करने वाले शिक्षा विभाग के 92 अध्यापकों एवं सहायक अध्यापकों के खिलाफ संबंधित थानों में एफआईआर दर्ज कराई गई है। इसके अलावा 43 आंगनवाड़ी कर्मियों पर भी कानूनी कार्रवाई की गई है।

अन्य विभागों के 30 कर्मचारियों पर भी कार्रवाई

केवल शिक्षा और आंगनवाड़ी विभाग ही नहीं, बल्कि अन्य विभागों के 30 कर्मचारियों के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज कराई गई है। इस तरह अब तक कुल 165 कर्मचारियों को कार्रवाई के दायरे में लाया गया है।

प्रशासन की दो टूक- राष्ट्रीय कार्य में नहीं मिलेगी कोई छूट

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनगणना-2027 एक अत्यंत महत्वपूर्ण और समयबद्ध राष्ट्रीय दायित्व है। ऐसे कर्मचारी जो इस कार्य में सहयोग नहीं कर रहे हैं या जानबूझकर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन नहीं कर रहे हैं, उनके खिलाफ होने वाली कार्रवाई के लिए वे स्वयं जिम्मेदार होंगे।

समय पर कार्य पूरा करना प्राथमिकता

अधिकारियों का कहना है कि जनगणना कार्य को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करना सर्वोच्च प्राथमिकता है। ऐसे में किसी भी स्तर पर लापरवाही या असहयोग को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आवश्यकतानुसार आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.