विश्व पर्यावरण दिवस पर नोएडा में चलेगा महाअभियान, ‘एक पेड़ माँ के नाम’ के तहत शहरभर में होगा व्यापक पौधारोपण
नोएडा: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के संकल्प “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत नोएडा उद्यान विभाग द्वारा शनिवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देना और अधिक से अधिक लोगों को हरित पहल से जोड़ना है।
कार्यक्रम का शुभारंभ 5 जून 2026 को प्रातः 9 बजे सेक्टर-35 स्थित मोरना बस डिपो की हरित पट्टिका पर किया जाएगा। इस अवसर पर माननीय जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहेंगे और पौधारोपण कर अभियान की शुरुआत करेंगे।
जनभागीदारी पर रहेगा विशेष जोर
उद्यान विभाग के अनुसार कार्यक्रम में आम नागरिकों, स्कूलों के विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों तथा विभिन्न आवासीय कल्याण समितियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। अभियान के तहत पूरे शहर में एक साथ पौधारोपण गतिविधियां संचालित की जाएंगी, जिससे पर्यावरण संरक्षण के प्रति व्यापक जनजागरूकता पैदा की जा सके।
शहर के कई प्रमुख क्षेत्रों को किया गया चयनित
पौधारोपण अभियान के लिए शहर के अनेक प्रमुख स्थलों को चिन्हित किया गया है। इनमें साईं अपार्टमेंट सेक्टर-71, जागृति अपार्टमेंट सेक्टर-71, सेक्टर-122, सेक्टर-64 एवं 65, एफएनजी मार्ग, सेक्टर-63, सेक्टर-22/23, मोरना बस डिपो की हरित पट्टिका, 7X क्षेत्र, वेस्ट टू वंडर्स पार्क सेक्टर-96, सेक्टर-39/40 एवं डीएससी मार्ग, ग्रीन बेल्ट एक्सप्रेसवे, सेक्टर-164, सेक्टर-90, डॉग पार्क सेक्टर-137, फेज-2 क्षेत्र तथा आइडेमिया (होजरी कॉम्प्लेक्स) शामिल हैं।
नागरिकों से पौधा लगाने की अपील
उद्यान विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस विशेष अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कम से कम एक पौधा अवश्य रोपित करें। विभाग का कहना है कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए जनसहभागिता सबसे महत्वपूर्ण है। प्रत्येक नागरिक का योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और हरित वातावरण सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभा सकता है।