1600 डिग्री के पिघले लोहे ने ली 8 मजदूरों की जान! विशाखापत्तनम स्टील प्लांट में भयावह हादसा, पीएम मोदी ने किया मुआवजे का ऐलान

0 27

विशाखापत्तनम: आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम स्थित स्टील प्लांट में सोमवार को हुए भीषण औद्योगिक हादसे ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया। राष्ट्रीय इस्पात निगम लिमिटेड (आरआईएनएल) के संयंत्र में क्रेन से ले जाए जा रहे अत्यधिक गर्म पिघले लोहे के अचानक गिर जाने से कम से कम 8 श्रमिकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य श्रमिक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

जानकारी के मुताबिक हादसा स्टील प्लांट के एसएमएस-2 और एसटीसी-3 ताप संयंत्र क्षेत्र में हुआ, जहां भारी मात्रा में पिघला हुआ लोहा लीक हो गया। प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, जिस समय यह दुर्घटना हुई उस वक्त श्रमिक संयंत्र में नियमित कार्य कर रहे थे। अचानक हुए हादसे के बाद पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई और बचाव अभियान शुरू किया गया।

क्रेन से ले जाया जा रहा था पिघला लोहा

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पिघले हुए लोहे को एक विशेष बाल्टी में भरकर क्रेन की मदद से एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाया जा रहा था। इसी दौरान तकनीकी गड़बड़ी या अन्य कारणों से बाल्टी से लोहा नीचे गिर गया और वहां मौजूद श्रमिक उसकी चपेट में आ गए। हादसे की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि लोहे का तापमान करीब 1600 डिग्री सेल्सियस था।

पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के बाद राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचा और मलबे तथा प्रभावित क्षेत्र से शवों को निकालने का अभियान शुरू किया। अब तक पांच श्रमिकों के शव बरामद किए जाने की पुष्टि की गई है, जबकि कुल मृतकों की संख्या आठ बताई गई है।

पीएम मोदी ने जताया दुख, मुआवजे की घोषणा

हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने शोक संदेश जारी करते हुए कहा कि विशाखापत्तनम स्टील प्लांट में हुई दुर्घटना बेहद दुखद है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। वहीं दुर्घटना में घायल हुए लोगों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।

मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने दिए राहत कार्य तेज करने के निर्देश

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने भी हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि विशाखापत्तनम स्टील प्लांट में हुई दुर्घटना की खबर से वह स्तब्ध हैं और कई श्रमिकों की मौत की सूचना बेहद दुखद है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्होंने संबंधित अधिकारियों से तत्काल बातचीत कर सभी विभागों के समन्वय से राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता देने को कहा गया है।

हादसे की जांच शुरू

प्रशासन और संबंधित एजेंसियों ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर दुर्घटना के पीछे तकनीकी खामी या संचालन संबंधी त्रुटि की आशंका जताई जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.