सीएम धामी का बड़ा संदेश: युवाओं के हक लूटने वालों पर जारी रहेगा एक्शन, भ्रष्टाचार पर नहीं होगी कोई नरमी

0 21

देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने साफ शब्दों में कहा है कि युवाओं के अधिकारों पर डाका डालने वाले लोगों के खिलाफ सरकार का अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे तत्वों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को जेल की सलाखों तक पहुंचाने के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।

भाजपा प्रदेश प्रकोष्ठों के गठन के बाद आयोजित पहली बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विकास, सुशासन और राष्ट्रहित को केंद्र में रखकर कार्य कर रही है, जबकि विपक्ष नकारात्मक राजनीति, तुष्टीकरण और भ्रष्टाचार के मुद्दों पर केंद्रित है।

भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख अपनाए हुए है और इस दिशा में लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे जनता के बीच जाकर सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को पहुंचाएं तथा लोगों को यह बताएं कि वर्तमान सरकार पारदर्शी और जवाबदेह शासन देने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि आज विपक्ष के पास न स्पष्ट नीति है, न नेतृत्व और न ही जनता के सामने कोई ठोस विजन है। इसके विपरीत राज्य सरकार विकास और जनकल्याण के एजेंडे पर आगे बढ़ रही है।

देवभूमि की पहचान बचाने के लिए उठाए गए कदम

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड की सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान को सुरक्षित रखने के लिए सरकार ने कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। उन्होंने समान नागरिक संहिता, धर्मांतरण विरोधी कानून और दंगा विरोधी कानून जैसे कदमों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन फैसलों का उद्देश्य राज्य की मूल भावना और सामाजिक संरचना को मजबूत करना है।

उन्होंने कहा कि सरकार ने सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों और अतिक्रमण के खिलाफ भी व्यापक अभियान चलाया है। कुछ लोग वोट बैंक की राजनीति के कारण इन कार्रवाइयों का विरोध कर रहे हैं, लेकिन सरकार राज्य की सांस्कृतिक पहचान और जनसंख्या संतुलन को प्रभावित नहीं होने देगी।

आपदा के समय जमीन पर काम करती है भाजपा

मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर आरोप लगाया कि आपदा की परिस्थितियों में वह केवल बयानबाजी और सोशल मीडिया तक सीमित रहता है, जबकि भाजपा कार्यकर्ता सीधे प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों की मदद करते हैं।

उन्होंने कहा कि धराली, सिलक्यारा टनल, जोशीमठ, रुद्रप्रयाग, पौड़ी समेत विभिन्न आपदा प्रभावित क्षेत्रों में वह स्वयं मौके पर मौजूद रहे और राहत कार्यों की निगरानी की। उनका कहना था कि भाजपा का कार्यकर्ता हर परिस्थिति में जनता के साथ खड़ा रहता है।

जनता और सरकार के बीच सेतु बनें कार्यकर्ता

मुख्यमंत्री ने भाजपा प्रकोष्ठों से आह्वान किया कि वे लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनें और उन्हें सरकार तक पहुंचाने का काम करें। उन्होंने कहा कि सरकार का दरवाजा हमेशा आम जनता के लिए खुला है और जनसमस्याओं के समाधान के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।

बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आगामी चुनावों में बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने और पार्टी के विस्तार में प्रकोष्ठों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण रहने वाली है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.