O Level-CCC प्रशिक्षण के लिए आवेदन शुरू! पिछड़ा वर्ग के बेरोजगार युवाओं को मिलेगा मुफ्त कंप्यूटर प्रशिक्षण, जानें अंतिम तारीख
गौतमबुद्धनगर: पिछड़ा वर्ग के बेरोजगार युवक-युवतियों को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से संचालित ‘ओ’ लेवल एवं सीसीसी कंप्यूटर प्रशिक्षण योजना के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी लवेश कुमार सिसौदिया ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित इस योजना के तहत अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के पात्र युवक-युवतियों को निशुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। इसके लिए भारत सरकार की अधिकृत संस्था नीलिट (राष्ट्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान) से मान्यता प्राप्त निस्ट वेबकॉम प्राइवेट लिमिटेड, सेक्टर-22, नोएडा का चयन प्रशिक्षण संस्था के रूप में किया गया है।
16 जून से शुरू हुई आवेदन प्रक्रिया
योजना के अंतर्गत ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 16 जून 2026 से शुरू हो चुकी है। इच्छुक अभ्यर्थी 10 जुलाई 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। विभाग की ओर से निर्धारित समय-सारणी और दिशा-निर्देश वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिए गए हैं।
पात्र अभ्यर्थियों से समय सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील की गई है, ताकि उन्हें योजना का लाभ मिल सके।
ओबीसी वर्ग के बेरोजगार युवाओं को मिलेगा लाभ
यह योजना विशेष रूप से अन्य पिछड़ा वर्ग के बेरोजगार युवक-युवतियों के लिए संचालित की जा रही है। प्रशिक्षण के माध्यम से युवाओं को कंप्यूटर शिक्षा प्रदान कर रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों के लिए तैयार किया जाएगा।
सरकार का उद्देश्य तकनीकी शिक्षा के जरिए युवाओं की रोजगार क्षमता बढ़ाना और उन्हें डिजिटल युग की आवश्यकताओं के अनुरूप दक्ष बनाना है।
वेबसाइट पर उपलब्ध है पूरी जानकारी
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी के अनुसार आवेदन से संबंधित दिशा-निर्देश, पात्रता, समय-सारणी और अन्य आवश्यक जानकारी विभागीय वेबसाइट पर प्रदर्शित कर दी गई है। अभ्यर्थी निर्धारित प्रारूप के अनुसार ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी और चयनित अभ्यर्थियों को निर्धारित संस्थान में प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।