गौतमबुद्धनगर में कोचिंग संस्थानों पर प्रशासन का बड़ा एक्शन! 3 दिन में 13 संस्थान सील, 26 को नोटिस जारी

0 25

गौतमबुद्धनगर: जनपद में संचालित कोचिंग संस्थानों के खिलाफ प्रशासन का विशेष निरीक्षण अभियान लगातार जारी है। जिलाधिकारी के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान के तहत गुरुवार को 26 कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान निर्धारित मानकों का पालन न करने पर 2 कोचिंग संस्थानों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया, जबकि 8 संस्थानों को नोटिस जारी किया गया है।

जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा कोचिंग संस्थानों में पंजीकरण, अग्नि सुरक्षा, भवन सुरक्षा, आवश्यक अनुमतियों और अन्य निर्धारित मानकों के अनुपालन की जांच करना है।

नोएडा और दादरी में हुई कार्रवाई

गुरुवार को जिन संस्थानों का निरीक्षण किया गया, उनमें सेक्टर-02 नोएडा के 5, सेक्टर-09 के 2, सेक्टर-12 के 2, सेक्टर-62 के 6, दादरी कस्बे के 4 और अल्फा कमर्शियल बेल्ट के 7 कोचिंग संस्थान शामिल रहे।

निरीक्षण के दौरान कई संस्थानों में आवश्यक अभिलेख उपलब्ध नहीं पाए गए। साथ ही शासन द्वारा निर्धारित सुरक्षा और संचालन संबंधी मानकों का अनुपालन भी नहीं मिला। इसके चलते प्रशासन ने 2 संस्थानों को सील करने और 8 को नोटिस जारी करने की कार्रवाई की।

तीन दिन में 92 संस्थानों की जांच

प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पिछले तीन दिनों में कुल 92 कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण किया जा चुका है। जांच के दौरान गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर अब तक 13 कोचिंग संस्थानों को सील किया गया है, जबकि 26 संस्थानों को नोटिस जारी किए गए हैं।

प्रशासन का कहना है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और मानकों की अनदेखी करने वाले संस्थानों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

संचालकों को दी गई सख्त चेतावनी

जिला प्रशासन ने सभी कोचिंग संस्थानों के संचालकों को शासन द्वारा निर्धारित मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसमें अग्नि सुरक्षा प्रमाणपत्र, भवन सुरक्षा व्यवस्था, वैध पंजीकरण, आवश्यक अनुमतियां और अन्य अभिलेखों को अद्यतन रखने पर विशेष जोर दिया गया है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में होने वाले निरीक्षणों के दौरान यदि किसी भी प्रकार की अनियमितता, दस्तावेजों की कमी या सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित संस्थान के खिलाफ सीलिंग, संचालन पर रोक और नियमानुसार कठोर प्रशासनिक एवं कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

अभियान रहेगा जारी

जिलाधिकारी के निर्देशन में बिना वैध पंजीकरण और आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन किए संचालित संस्थानों के विरुद्ध यह विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। प्रशासन ने कहा है कि विद्यार्थियों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.