यमुना एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा! डबल डेकर बस ट्रेलर में घुसी, 4 यात्रियों की मौत, 25 से ज्यादा घायल

0 18

मथुरा: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में यमुना एक्सप्रेसवे पर मंगलवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। राया थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार डबल डेकर वोल्वो बस पीछे से एक ट्रेलर से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना में अब तक चार लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 20 से 25 यात्री घायल बताए जा रहे हैं।

सुबह 4 बजे हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक यह हादसा यमुना एक्सप्रेसवे पर माइलस्टोन 112 और 113 के बीच सुबह करीब चार बजे हुआ। गोला बस सर्विस की वोल्वो बस ट्रेलर में पीछे से जा भिड़ी। टक्कर के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।

बस में सवार थे करीब 65 यात्री

पुलिस के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त बस में लगभग 65 यात्री मौजूद थे। टक्कर के दौरान कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर ही चार लोगों ने दम तोड़ दिया, जबकि दो दर्जन से अधिक लोगों को चोटें आई हैं।

पुलिस, एसडीआरएफ और फायर टीम ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया। अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), क्षेत्राधिकारी महावन और राया थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। इसके साथ ही एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीमों ने संयुक्त राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

रेस्क्यू टीमों ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल पहुंचाया। घायलों का इलाज जारी है, जबकि कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

35 यात्रियों को सुरक्षित भेजा गया

प्रशासन ने बताया कि बस में मौजूद लगभग 35 यात्रियों को सुरक्षित निकालकर वैकल्पिक वाहनों की व्यवस्था के जरिए उनके गंतव्य की ओर रवाना कर दिया गया। वहीं मृतकों की पहचान कराने की प्रक्रिया जारी है और उनके परिजनों को सूचना दी जा रही है।

हादसे के कारणों की जांच शुरू

दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन पुलिस ने तेजी से हालात संभाल लिए। एक्सप्रेसवे पर यातायात को प्रभावित नहीं होने दिया गया और आवागमन सामान्य बना रहा।

फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार या चालक की लापरवाही को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.