मतदेय स्थलों के पुनर्गठन की प्रक्रिया तेज: डीएम ने राजनीतिक दलों संग की अहम बैठक, 2 दिन में मांगे सुझाव और आपत्तियां

0 19

गौतमबुद्धनगर: आगामी निर्वाचन संबंधी तैयारियों के तहत जनपद में मतदेय स्थलों के पुनर्गठन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश के निर्देशों के क्रम में पुनरीक्षण से पूर्व मतदेय स्थलों का 1200 मतदाताओं के आधार पर संभाजन किए जाने को लेकर जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने एनआईसी सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की।

मतदाताओं की सुविधा के लिए होगा मतदेय स्थलों का पुनर्निर्धारण

बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप मतदाताओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, व्यवस्थित और सुगम बनाने के उद्देश्य से मतदेय स्थलों का पुनर्निर्धारण किया जा रहा है। इसके तहत निर्धारित मानकों के अनुसार मतदेय स्थलों का संभाजन कर नई व्यवस्था तैयार की जाएगी।

आलेख्य सूची तैयार करने पर हुआ विस्तृत मंथन

बैठक के दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और जनप्रतिनिधियों के साथ मतदेय स्थलों की वर्तमान स्थिति, संभावित बदलाव, मतदाताओं की पहुंच और सुविधाओं सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही मतदेय स्थलों की आलेख्य सूची तैयार करने की प्रक्रिया और उससे जुड़े आवश्यक बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया गया।

दो दिन के भीतर लिखित सुझाव देने के निर्देश

जिलाधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों और जनप्रतिनिधियों से कहा कि यदि मतदेय स्थलों के संबंध में किसी प्रकार का संशोधन, परिवर्तन या अन्य कोई प्रस्ताव हो तो उसे दो दिवस के भीतर लिखित रूप में संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को उपलब्ध कराया जाए। प्राप्त सुझावों और आपत्तियों के आधार पर आलेख्य सूची तैयार कर निर्धारित समयसीमा में उसका प्रकाशन किया जाएगा।

बैठक में विभिन्न दलों के प्रतिनिधि रहे मौजूद

बैठक में सांसद प्रतिनिधि संजय बाली, भाजपा जिला महामंत्री धर्मेंद्र कोरी, समाजवादी पार्टी के जिला प्रभारी अनूप तिवारी, विधानसभा अध्यक्ष रोहित मन्ते, आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष परशुराम चौधरी, बहुजन समाज पार्टी के मंडल कोऑर्डिनेटर सूरजभान, सीपीआईएम के सदस्य अरुण प्रताप सिंह सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

इसके अलावा अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अजीत कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी सदर आशुतोष गुप्ता, उप जिलाधिकारी दादरी अनुज नेहरा, उप जिलाधिकारी जेवर दुर्गेश सिंह तथा जिला निर्वाचन कार्यालय के अधिकारी और कर्मचारी भी बैठक में उपस्थित रहे।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.