उन्नाव में दर्दनाक हादसा! एक्सप्रेस-वे पर बस ने कार को रौंदा, 2 मासूम बच्चियों समेत 5 की मौत; 12 घायल

0 21

उन्नाव: उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर बुधवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे ने पांच लोगों की जान ले ली। बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र में हुई इस दुर्घटना में एक अनियंत्रित स्लीपर बस डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में पहुंच गई और सामने से आ रही आर्टिगा कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार एक ही परिवार के पांच लोगों, जिनमें दो बच्चियां भी शामिल हैं, की मौत हो गई। वहीं बस में सवार 12 लोग घायल हो गए।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हरियाणा से बिहार जा रही निजी स्लीपर बस के चालक को झपकी आने के कारण वाहन अनियंत्रित हो गया। इसके बाद बस डिवाइडर पार करते हुए विपरीत दिशा में पहुंची और सामने से आ रही कार को कुचलते हुए सड़क किनारे खंती में जा पलटी।

सुबह 4:30 बजे हुआ हादसा, मच गई चीख-पुकार

यह हादसा सुबह करीब 4:30 बजे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे के किलोमीटर संख्या 230 पर गांव देवखरी के पास हुआ। बस में निजी कंपनी के मजदूर सफर कर रहे थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और यूपीडा की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।

एक ही परिवार के 5 लोगों की गई जान

घायलों और मृतकों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बांगरमऊ पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने कार में सवार दिव्या (6), अमृता (13), अंजू (40), धुनमुन (60) और चालक विनोद (45) को मृत घोषित कर दिया।

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार सभी मृतक एक ही परिवार के सदस्य थे और संत कबीरनगर जिले के निवासी बताए जा रहे हैं।

12 घायल जिला अस्पताल रेफर

हादसे में बस में सवार 12 यात्री भी घायल हुए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें उन्नाव जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

मौके पर पहुंचे डीएम और एसपी

दुर्घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी धन्स्याम मीना, पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह, उपजिलाधिकारी बांगरमऊ बृजमोहन शुक्ला समेत कई प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे।

अधिकारियों ने राहत कार्यों की निगरानी की और घायलों को शीघ्र अस्पताल पहुंचाने के निर्देश दिए। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात भी सामान्य कराया गया।

झपकी बनी हादसे की वजह, जांच शुरू

प्रारंभिक जांच में बस चालक को झपकी आना हादसे की प्रमुख वजह माना जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.