दिल्ली-NCR में तय समय से पहले पहुंचा मानसून, मुंबई पानी-पानी; यूपी समेत 12 राज्यों में बारिश और आंधी का अलर्ट

0 129

नई दिल्ली: देशभर में मानसून ने अब रफ्तार पकड़ ली है और कई राज्यों में जोरदार बारिश का दौर जारी है। दिल्ली-एनसीआर में भी गुरुवार सुबह मानसून ने दस्तक दे दी, जिससे राजधानी और आसपास के इलाकों में तेज बारिश शुरू हो गई। मौसम विभाग के अनुमान से करीब दो दिन पहले मानसून के पहुंचने से लोगों को उमस और भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली है।

महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, बिहार समेत 12 राज्यों में गुरुवार को बारिश और आंधी को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और पूर्वोत्तर राज्यों में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

दिल्ली में बदला मौसम, तेज बारिश से मिली राहत

गुरुवार सुबह से ही दिल्ली के आसमान पर काले बादलों ने डेरा जमा लिया था। इसके बाद राजधानी के कई इलाकों में तेज बारिश शुरू हो गई। मौसम विभाग ने पहले 4 जुलाई से मानसून सक्रिय होने का अनुमान जताया था, लेकिन मानसून ने तय समय से पहले ही दस्तक दे दी।

बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली।

महाराष्ट्र में बारिश का कहर, पालघर और ठाणे के लिए रेड अलर्ट

महाराष्ट्र में मानसून का सबसे ज्यादा असर देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने पालघर और ठाणे में भारी से अत्यधिक भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है, जबकि मुंबई के लिए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है।

प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक रूप से घरों से बाहर नहीं निकलने और सतर्क रहने की अपील की है।

मुंबई के कई इलाके जलमग्न, सड़कें बनीं तालाब

लगातार हो रही बारिश के चलते मुंबई के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई है। बांद्रा, जुहू और अन्य निचले इलाकों में सड़कों पर पानी भर जाने से यातायात प्रभावित हुआ है।

कई स्थानों पर पेड़ गिरने की घटनाएं भी सामने आई हैं, जबकि कुछ सबवे में पानी भर जाने के कारण उन्हें अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा। कई लोग घरों में रहने को मजबूर हो गए हैं।

वसई-विरार में उफान पर नाले, पानी में बहीं दो कारें

वसई-विरार क्षेत्र में लगातार बारिश के कारण नाले उफान पर आ गए। तेज बहाव के बीच दो कारें पानी में बह गईं। हालांकि, कार सवार समय रहते वाहन से बाहर निकल गए, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

लगातार बारिश के चलते इलाके में संपत्ति और बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचने की खबरें भी सामने आई हैं।

अंधेरी सबवे में भरा पानी, कुछ देर रुका यातायात

मुंबई में बुधवार रात से लगातार बारिश जारी है। शहर में 134 मिलीमीटर, पूर्वी उपनगरों में 164 मिलीमीटर और पश्चिमी उपनगरों में 149 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है।

सुबह करीब चार बजे अंधेरी सबवे में पानी भर जाने के कारण यातायात कुछ समय के लिए रोकना पड़ा था। बाद में जलस्तर कम होने पर वाहनों की आवाजाही दोबारा शुरू कर दी गई।

किंग्स सर्कल इलाके में भी सड़क के कुछ हिस्सों में पानी जमा हुआ है, हालांकि वहां यातायात सामान्य बना हुआ है। वहीं, कुर्ला के निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है।

ठाणे में सड़कों पर 3 फीट तक पानी, कई वाहन बंद

भारी बारिश के बाद ठाणे के निचले इलाकों में दो से तीन फीट तक पानी भर गया है। कई वाहन बीच सड़क में ही बंद हो गए, जिससे लंबा जाम लग गया और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

बुधवार को भी मुंबई महानगर क्षेत्र में मूसलाधार बारिश दर्ज की गई थी और गुरुवार को भी बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना जताई गई है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.