‘समाधान समारोह’ अभियान के तहत लगेगी विशेष लोक अदालत, सुप्रीम कोर्ट में लंबित मामलों के निपटारे का मिलेगा मौका
गौतमबुद्धनगर: जिले में लंबित विवादों के त्वरित और सौहार्दपूर्ण समाधान के उद्देश्य से “समाधान समारोह” अभियान के तहत 21, 22 और 23 अगस्त 2026 को विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इस विशेष आयोजन के माध्यम से ऐसे मामलों के निस्तारण का अवसर मिलेगा, जो देश की सर्वोच्च अदालत में लंबित हैं और जिनमें आपसी समझौते की संभावना मौजूद है।
जनपद न्यायाधीश अतुल श्रीवास्तव के निर्देशों के क्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं अपर जिला जज शिवानी रावत ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस विशेष लोक अदालत का मुख्य उद्देश्य सुलह-योग्य मामलों को आपसी सहमति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में समाप्त कर न्यायिक प्रक्रिया को सरल और प्रभावी बनाना है।
सुप्रीम कोर्ट में लंबित मामलों के निस्तारण का मिलेगा अवसर
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अनुसार, विशेष लोक अदालत में उन मामलों को शामिल किया जाएगा जो वर्तमान में उच्चतम न्यायालय में विचाराधीन हैं और जिनमें पक्षकारों के बीच समझौते की संभावना है।
ऐसे वादकारी इस मंच का उपयोग कर आपसी सहमति के आधार पर अपने विवादों का निपटारा करा सकेंगे। इससे न केवल समय और संसाधनों की बचत होगी, बल्कि पक्षकारों को लंबी न्यायिक प्रक्रिया से भी राहत मिल सकेगी।
नागरिकों से अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने जनपद के नागरिकों से अपील की है कि जिन मामलों में सुलह और समझौते की संभावना हो, वे इस विशेष लोक अदालत का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपने विवादों का शीघ्र, सरल और सौहार्दपूर्ण समाधान सुनिश्चित करें।
प्राधिकरण का मानना है कि लोक अदालतें विवादों के वैकल्पिक समाधान का प्रभावी माध्यम हैं, जो आपसी सहमति और सहयोग के आधार पर न्याय उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।