बदरीनाथ धाम में चढ़ावे को लेकर बवाल! दान में गड़बड़ी के आरोपों से मचा हड़कंप, मंदिर समिति ने बैठाई जांच

0 18

देहरादून: अयोध्या राम मंदिर में दान चोरी के आरोपों के बाद अब उत्तराखंड के विश्व प्रसिद्ध बदरीनाथ धाम में भी चढ़ावे और दान-पुण्य में कथित गड़बड़ी के आरोप सामने आने से हड़कंप मच गया है। सोशल मीडिया पर मामला तेजी से चर्चा में आने के बाद बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) ने तत्काल संज्ञान लेते हुए जांच के आदेश जारी कर दिए हैं।

मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कहा कि आरोपों को बेहद गंभीरता से लिया गया है और पूरे मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने के लिए एक जांच समिति का गठन किया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपों से जुड़े कर्मचारियों से स्पष्टीकरण मांगा गया है और यदि किसी स्तर पर अनियमितता या लापरवाही सामने आती है तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सोशल मीडिया के दावों पर अध्यक्ष ने दी सफाई

मामले को लेकर सोशल मीडिया पर किए जा रहे कुछ दावों पर भी मंदिर समिति अध्यक्ष ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिस कर्मचारी को उनका निजी सचिव बताया जा रहा है, वह उनका निजी सचिव नहीं है, बल्कि समिति का नियमित सरकारी कर्मचारी है। उन्होंने कहा कि जांच प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष होगी और दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को राहत नहीं मिलेगी।

CCTV फुटेज की जांच, कर्मचारियों से पूछताछ शुरू

बीकेटीसी के मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ ने बताया कि 2 जुलाई से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे आरोपों की शिकायत मिलने के बाद मंदिर परिसर के CCTV फुटेज की जांच कराई गई है। उन्होंने कहा कि उपलब्ध फुटेज पूरी तरह स्पष्ट नहीं हैं, लेकिन इसके बावजूद मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।

उन्होंने बताया कि एक आंतरिक जांच टीम गठित की जा रही है, जो CCTV रिकॉर्डिंग, उपलब्ध साक्ष्यों और संबंधित लोगों के बयानों के आधार पर अपनी रिपोर्ट तैयार करेगी। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

गड़बड़ी मिली तो होगी वैधानिक और विभागीय कार्रवाई

मुख्य कार्याधिकारी ने कहा कि यदि जांच के दौरान किसी प्रकार की वित्तीय अनियमितता या चढ़ावे से जुड़ी गड़बड़ी सामने आती है, तो श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति अधिनियम, 1939 तथा कर्मचारी आचरण नियमावली के तहत दोषियों के खिलाफ कड़ी विभागीय और वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

अफवाहों से बचने की अपील

मंदिर समिति ने लोगों से अपील की है कि जांच पूरी होने तक किसी भी अपुष्ट जानकारी या भ्रामक दावों को साझा करने से बचें। समिति का कहना है कि तथ्यों के आधार पर जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.