झारखंड में मौसम का बड़ा अलर्ट! 9 जुलाई तक आंधी-तूफान और भारी बारिश की चेतावनी, कई जिलों पर खतरा

0 25

रांची: झारखंड में आने वाले चार दिनों के दौरान मौसम का मिजाज बदला हुआ रहने वाला है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने राज्य के कई इलाकों में भारी बारिश, आंधी-तूफान, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग ने 6 जुलाई से 9 जुलाई तक पूरे राज्य के 24 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

आईएमडी के अनुसार इस अवधि में राज्य के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कई जिलों में भारी बारिश की भी संभावना जताई गई है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

सोमवार को इन जिलों में भारी बारिश का अनुमान

मौसम विभाग के बुलेटिन के मुताबिक सोमवार को गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, लोहरदगा, हजारीबाग, गुमला और रांची जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है। इन इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश का दौर देखने को मिल सकता है।

विभाग ने चेतावनी दी है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें तथा आवश्यक सावधानी बरतें।

मंगलवार और बुधवार को भी जारी रहेगा बारिश का दौर

मंगलवार को राज्य के उत्तर-पूर्वी हिस्सों के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इनमें धनबाद, जामताड़ा, दुमका, पाकुड़, गोड्डा, साहिबगंज और गिरिडीह प्रमुख रूप से शामिल हैं।

इसके अलावा बुधवार को भी राज्य के कुछ जिलों में बारिश की गतिविधियां जारी रहने का अनुमान है। मौसम विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और जरूरत पड़ने पर आगे भी चेतावनी जारी की जा सकती है।

तापमान में आएगी 4 डिग्री तक की गिरावट

मौसम विभाग का कहना है कि लगातार बादल छाए रहने और बारिश की गतिविधियों के कारण अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की कमी दर्ज की जा सकती है। इसके बाद अगले कुछ दिनों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।

बारिश और ठंडी हवाओं के कारण लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

आईएमडी रांची के डिप्टी डायरेक्टर अभिषेक आनंद के अनुसार राज्य के सभी 24 जिलों में अलग-अलग स्थानों पर आंधी-तूफान और वज्रपात की आशंका को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

उन्होंने बताया कि राज्य के कई हिस्सों में होने वाली बारिश धान की खेती और रोपाई के लिए अनुकूल साबित हो सकती है, जिससे किसानों को लाभ मिलने की संभावना है।

जगन्नाथपुर में सबसे ज्यादा बारिश दर्ज

पिछले 24 घंटों के दौरान पश्चिमी सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर में सबसे अधिक 50.4 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं पलामू के डाल्टनगंज और पाकुड़ में राज्य का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इसके अलावा बोकारो थर्मल में 35.1 डिग्री सेल्सियस, जमशेदपुर में 34 डिग्री सेल्सियस और राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मॉनसून सक्रिय, फिर भी बारिश में बड़ी कमी

झारखंड में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून ने 12 जून को प्रवेश किया था और 30 जून तक पूरे राज्य में सक्रिय हो गया था। इसके बावजूद 4 जुलाई तक राज्य में सामान्य से 45 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग को उम्मीद है कि आगामी दिनों में होने वाली बारिश से वर्षा की कमी कुछ हद तक कम हो सकती है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.