मुंबई-पुणे रेल रूट पर बारिश का कहर! लैंडस्लाइड से ठप हुआ रेल संचालन, कई ट्रेनें रद्द; रेल मंत्री ने लिया हालात का जायजा
मुंबई: महाराष्ट्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने अब रेलवे नेटवर्क पर भी बड़ा असर डालना शुरू कर दिया है। रविवार देर रात मुंबई-पुणे रेल मार्ग पर भूस्खलन की घटना के बाद रेल यातायात गंभीर रूप से प्रभावित हो गया। कर्जत और लोनावला के बीच घाट सेक्शन में ट्रैक पर भारी मात्रा में मलबा और चट्टानें गिरने से कई ट्रेनों का संचालन रोकना पड़ा, जबकि कई महत्वपूर्ण ट्रेनों को रद्द और डायवर्ट किया गया है।
कर्जत-लोनावला घाट सेक्शन में हुआ भूस्खलन
जानकारी के अनुसार, मध्य रेलवे के मुंबई मंडल के अंतर्गत ठाकुरवाड़ी और मंकी हिल लूप केबिन के बीच अप मेन लाइन पर देर रात भूस्खलन हुआ। कर्जत के पास ठाकुरवाड़ी रेलवे स्टेशन के नजदीक पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा और पत्थर ट्रैक पर आ गिरे, जिससे रेलवे की तीनों लाइनें प्रभावित हो गईं। इसके चलते कई ट्रेनों को बीच रास्ते में रोकना पड़ा और रेल संचालन बाधित हो गया।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने की समीक्षा
घटना की गंभीरता को देखते हुए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मध्य रेलवे के महाप्रबंधक राजीव श्रीवास्तव से बातचीत कर स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि मुंबई-पुणे घाट खंड में ट्रैक पर भारी भूस्खलन और चट्टानों के गिरने से उत्पन्न हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है। रेलवे की टीमें बहाली कार्य के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
रेल मंत्री ने पश्चिमी रेलवे और मध्य रेलवे के अधिकारियों को समन्वय के साथ काम करते हुए रेल सेवाओं को जल्द से जल्द सामान्य करने के निर्देश भी दिए हैं।
तड़के फिर हुआ एक और लैंडस्लाइड
रेलवे के लिए चुनौती उस समय और बढ़ गई जब सोमवार तड़के करीब 3:05 बजे खंडाला और मंकी हिल स्टेशन के बीच मिडिल लाइन पर भी एक और भूस्खलन की घटना सामने आई। लगातार बारिश के कारण घाट क्षेत्र में पहाड़ियों से पत्थर और मलबा गिरने का सिलसिला जारी है, जिससे रेल परिचालन की सुरक्षा सुनिश्चित करना मुश्किल हो गया है।
मौके पर जुटीं राहत और इंजीनियरिंग टीमें
रेलवे की इंजीनियरिंग, ट्रैक मेंटेनेंस और आपदा राहत टीमें मौके पर पहुंचकर युद्धस्तर पर मलबा हटाने के काम में लगी हुई हैं। अधिकारियों का कहना है कि ट्रैक को सुरक्षित बनाकर जल्द से जल्द रेल सेवाएं बहाल करने की कोशिश की जा रही है।
सोमवार के लिए कई प्रमुख ट्रेनें रद्द
स्थिति को देखते हुए मध्य रेलवे ने सोमवार को कई महत्वपूर्ण ट्रेनों को रद्द कर दिया है। इनमें सीएसएमटी-पुणे इंद्रायणी एक्सप्रेस, पुणे-सोलापुर इंटरसिटी एक्सप्रेस, सीएसएमटी-पुणे इंटरसिटी एक्सप्रेस, डेक्कन एक्सप्रेस, डेक्कन क्वीन, प्रगति एक्सप्रेस, सिंहगढ़ एक्सप्रेस और सीएसएमटी-धुले एक्सप्रेस शामिल हैं।
9 लंबी दूरी की ट्रेनों का मार्ग बदला गया
रेलवे प्रशासन ने नौ लंबी दूरी की ट्रेनों को वैकल्पिक मार्ग से चलाने का फैसला किया है। इनमें अहमदाबाद-कोल्हापुर एक्सप्रेस, इंदौर-दौंड एक्सप्रेस, अहमदाबाद-पुणे दुरंतो एक्सप्रेस, बीदर-सीएसएमटी एक्सप्रेस, हजूर साहिब नांदेड़-पनवेल एक्सप्रेस, चारलापल्ली-इंदौर हमसफर एक्सप्रेस, एलटीटी-एसएमवीटी बेंगलुरु एक्सप्रेस, दौंड-ग्वालियर सुपरफास्ट एक्सप्रेस और चेन्नई एग्मोर-सीएसएमटी मेल शामिल हैं।
भारी बारिश बनी बड़ी चुनौती
रेल अधिकारियों के मुताबिक घाट क्षेत्र में लगातार हो रही तेज बारिश के कारण पहाड़ियों से बड़े-बड़े पत्थर और मलबा ट्रैक पर गिर रहा है। ऐसे में रेल संचालन को सुरक्षित बनाए रखना बड़ी चुनौती बन गया है। रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेनों की स्थिति की जानकारी लेने की अपील की है।