चित्रकूट को आज ₹950 करोड़ की विकास सौगात देंगे सीएम योगी, 124 परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास, कानून व्यवस्था की भी होगी समीक्षा

0 17

चित्रकूट: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को भगवान राम की तपोभूमि चित्रकूट के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह करीब 950 करोड़ रुपये की लागत वाली 124 विकास परियोजनाओं की सौगात जिले को देंगे। मुख्यमंत्री मुख्यालय कर्वी स्थित सीआईसी परिसर में जनसभा को संबोधित करेंगे और वहीं से 49 परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 75 परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। दौरे के दौरान विकास कार्यों के साथ जिले की कानून व्यवस्था की भी विस्तृत समीक्षा की जाएगी।

49 परियोजनाओं का लोकार्पण, 75 का होगा शिलान्यास

मुख्यमंत्री 950.89 करोड़ रुपये की कुल 124 परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे। इनमें 394.70 करोड़ रुपये की 49 परियोजनाओं का लोकार्पण और 556.18 करोड़ रुपये की 75 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है। चित्रकूट सदर क्षेत्र में 180.62 करोड़ रुपये की 22 परियोजनाओं का लोकार्पण और 211.86 करोड़ रुपये की 31 परियोजनाओं का शिलान्यास होगा। वहीं मानिकपुर विधानसभा क्षेत्र में 214.07 करोड़ रुपये की 27 परियोजनाओं का लोकार्पण और 344.32 करोड़ रुपये की 44 परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा।

बारिश को देखते हुए तैयार किया गया वाटरप्रूफ पंडाल

मुख्यमंत्री की जनसभा को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। बारिश की संभावना को देखते हुए सीआईसी परिसर में वाटरप्रूफ पंडाल तैयार कराया गया है। देवांगना एयरपोर्ट से जनसभा स्थल तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और पूरे मार्ग पर पुलिस बल की तैनाती की गई है। शहर के प्रमुख स्थानों पर बैरिकेडिंग भी कराई गई है।

विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की होगी समीक्षा

जनसभा के बाद मुख्यमंत्री कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। इस दौरान लोक निर्माण विभाग की नई और लंबित परियोजनाओं की समीक्षा के साथ जिले में चल रहे विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की स्थिति का भी आकलन किया जाएगा। समीक्षा बैठक में जनप्रतिनिधि और संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे।

प्रबुद्धजनों से मुलाकात, रामघाट पहुंचने की भी संभावना

कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री शाम को प्रबुद्धजनों से मुलाकात करेंगे। इसके अलावा रामघाट पर आयोजित होने वाली मंदाकिनी आरती में भी उनके शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। दौरे के दौरान मुख्यमंत्री न्यू सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगे।

मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम

मुख्यमंत्री दोपहर 2:20 बजे देवांगना एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद 2:25 बजे सीआईसी परिसर स्थित जनसभा स्थल पहुंचेंगे। दोपहर 3:25 बजे तक लोकार्पण, शिलान्यास और जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद कलेक्ट्रेट में विकास कार्यों, लोक निर्माण विभाग की परियोजनाओं और कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठकों में हिस्सा लेंगे। शाम को प्रबुद्धजनों से मुलाकात के बाद रात्रि विश्राम के लिए न्यू सर्किट हाउस रवाना होंगे।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.