PM मोदी की मौजूदगी में इंडोनेशिया के राष्ट्रपति का बड़ा बयान, बोले- ‘भारत की राजनीति में नहीं पड़ना चाहता, लेकिन मैं नरेंद्र मोदी का प्रशंसक हूं’

0 24

जकार्ता: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इंडोनेशिया यात्रा के दौरान दोनों देशों के रिश्तों को नई मजबूती मिली। इस बीच इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने सार्वजनिक मंच से प्रधानमंत्री मोदी की खुलकर सराहना की। उन्होंने कहा कि वह भारत की राजनीति पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहते, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बड़े प्रशंसक हैं।

‘मैं सभी भारतीयों का दोस्त हूं’

एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने कहा, “मैं भारत की राजनीति में नहीं पड़ना चाहता। मैं सभी भारतीयों का दोस्त हूं, लेकिन मैं यह जरूर कहना चाहता हूं कि मैं नरेंद्र मोदी जी का बहुत बड़ा प्रशंसक हूं।” इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी मंच के सामने मौजूद थे और उन्होंने हाथ जोड़कर उनका अभिवादन स्वीकार किया।

‘मेरे डीएनए में भी भारतीय अंश है’

राष्ट्रपति सुबियांतो ने अपने संबोधन में कहा कि हाल ही में कराए गए जीनोम अनुक्रमण परीक्षण में उनके डीएनए में भारतीय अंश होने की जानकारी मिली। उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि शायद यही कारण है कि भारतीय संगीत सुनते ही उनके पैर अपने आप थिरकने लगते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उनके कई मंत्री और सैन्य अधिकारी भी संगीत और नृत्य के शौकीन हैं और संभव है कि उनके डीएनए में भी भारतीय अंश हो।

भारत की संस्कृति का इंडोनेशिया पर गहरा प्रभाव

इंडोनेशिया के राष्ट्रपति ने कहा कि भारत की सभ्यता और संस्कृति का उनके देश पर गहरा प्रभाव रहा है। उन्होंने बताया कि इंडोनेशियाई भाषा का बड़ा हिस्सा संस्कृत से प्रभावित है और देश में कई नाम भी संस्कृत मूल के हैं। उन्होंने दोनों देशों के बीच ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूत बनाने की आवश्यकता पर बल दिया।

गणतंत्र दिवस में शामिल होना बताया सम्मान

राष्ट्रपति सुबियांतो ने कहा कि वर्ष 2025 में पदभार संभालने के कुछ ही समय बाद भारत के गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होना उनके लिए सम्मान की बात थी। उन्होंने भारत के विकास अनुभवों से सीखने की आवश्यकता भी जताई।

प्रधानमंत्री मोदी ने दिया जवाब

राष्ट्रपति की ‘भारतीय डीएनए’ वाली टिप्पणी का जवाब देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि उनके इस बयान ने भारत के लोगों का दिल जीत लिया है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच संबंध साझा विरासत, पारस्परिक विश्वास और ऐतिहासिक स्मृतियों की मजबूत नींव पर आधारित हैं।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.