‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान में गौतमबुद्धनगर ने बनाया नया रिकॉर्ड, एक दिन में 10.15 लाख से अधिक पौधों का हुआ रोपण
गौतमबुद्धनगर: उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देश पर पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग द्वारा संचालित ‘एक पेड़ माँ के नाम’ वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के अंतर्गत रविवार को ग्रेटर नोएडा के सिग्मा-4 बैंक साइड ग्रीन बेल्ट, सिग्मा टेकज़ोन के निकट वृहद पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, विद्यार्थियों और नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर पौधारोपण किया। अभियान के तहत जनपद में कुल 10,15,766 पौधों का रोपण किया गया।
प्रदेश सरकार ने 12 जुलाई 2026 को पूरे उत्तर प्रदेश में 35 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया था। वहीं गौतमबुद्धनगर के लिए वन विभाग एवं अन्य विभागों के माध्यम से 9,46,017 पौधों के रोपण का लक्ष्य तय किया गया था, जिसे जनपद ने सफलतापूर्वक पार कर लिया।
मंत्री ने पौधारोपण कर अभियान की शुरुआत की
कार्यक्रम का शुभारंभ इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी विकास विभाग के मंत्री सुनील कुमार शर्मा ने पौधारोपण कर किया। इस अवसर पर विधान परिषद सदस्य श्रीचंद शर्मा, एमएलसी नरेंद्र भाटी, जिला पंचायत प्रशासक अमित कुमार, भाजपा जिला अध्यक्ष अभिषेक शर्मा, जिलाधिकारी मेधा रूपम, मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी, उप जिलाधिकारी सदर आशुतोष गुप्ता, वन अधिकारी रजनीकांत मित्तल, सेवानिवृत्त वन अधिकारी प्रमोद कुमार श्रीवास्तव, शी विंग्स फाउंडेशन के संस्थापक मदन मोहन भारद्वाज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, छात्र, आईटीबीपी के जवान, आरडब्ल्यूए के सदस्य और स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने मौलश्री, जामुन और अन्य प्रजातियों के पौधों का रोपण किया। कार्यक्रम के बाद अतिथियों को तुलसी का पौधा भेंट किया गया।
2030 तक हरित क्षेत्र बढ़ाने का लक्ष्य
अपने संबोधन में मंत्री सुनील कुमार शर्मा ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश में लगभग 242 करोड़ पौधे लगाए जा चुके हैं, जिससे हरित क्षेत्र में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2030 तक प्रदेश के वन एवं हरित क्षेत्र को लगभग 15 प्रतिशत तक बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि यह लक्ष्य केवल सरकारी प्रयासों से नहीं बल्कि समाज की व्यापक भागीदारी से ही पूरा किया जा सकता है।

उन्होंने लोगों से जन्मदिन जैसे विशेष अवसरों पर अपनी आयु के बराबर पौधे लगाने का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वस्थ जीवन, बेहतर पर्यावरण और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए वृक्षारोपण आवश्यक है। साथ ही ऐसे वृक्ष लगाने का भी आग्रह किया जिन पर पक्षी अपना घोंसला बना सकें।
जनप्रतिनिधियों ने किया जनभागीदारी का आह्वान
एमएलसी नरेंद्र भाटी ने कहा कि प्राकृतिक खेती और वृक्षारोपण दोनों को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है। उन्होंने लोगों से घरों और आसपास फलदार एवं छायादार पौधे लगाने तथा उनका संरक्षण करने की अपील की।
विधान परिषद सदस्य श्रीचंद शर्मा ने कहा कि लगातार बढ़ते तापमान और बदलते पर्यावरणीय हालात को देखते हुए वृक्षारोपण आज सबसे बड़ी आवश्यकता बन गया है। उन्होंने कोरोना काल का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय ऑक्सीजन के महत्व को सभी ने महसूस किया था। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।
जिला पंचायत प्रशासक अमित कुमार ने कहा कि निर्धारित लक्ष्य को पूरा करना सभी की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रत्येक नागरिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की।
भाजपा जिला अध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने कहा कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान जनभागीदारी का प्रतीक बन चुका है। उन्होंने नागरिकों से पौधारोपण के साथ-साथ पौधों की नियमित देखभाल करने और संबंधित अधिकारियों से उनके संरक्षण पर विशेष ध्यान देने का आग्रह किया।
प्रशासन ने संरक्षण पर दिया विशेष जोर
जिलाधिकारी मेधा रूपम ने कहा कि अभियान को सफल बनाने में जनप्रतिनिधियों, विभागों, औद्योगिक इकाइयों, शिक्षण संस्थानों, स्वयंसेवी संगठनों और आम नागरिकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य केवल पौधारोपण करना नहीं, बल्कि प्रत्येक पौधे के संरक्षण और संवर्धन को भी सुनिश्चित करना है। इसके लिए सभी संबंधित विभागों को नियमित निगरानी और देखभाल के निर्देश दिए गए हैं।
वन विभाग ने जारी किए अंतिम आंकड़े
प्रभागीय वन अधिकारी के अनुसार जनपद स्तरीय कंट्रोल रूम में प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक वन विभाग द्वारा 93,330 पौधे लगाए गए, जबकि अन्य विभागों ने 9,22,436 पौधों का रोपण किया। इस प्रकार पूरे जनपद में कुल 10,15,766 पौधों का रोपण दर्ज किया गया।
उन्होंने बताया कि वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के नोडल अधिकारी एवं प्रमुख सचिव, सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग अनिल गर्ग ने भी जनपद के विभिन्न स्थलों का निरीक्षण कर पौधारोपण किया। इसके अलावा विकास खंडों, नगर निकायों, ग्राम पंचायतों, शैक्षणिक संस्थानों, औद्योगिक इकाइयों और सार्वजनिक स्थलों पर भी बड़े पैमाने पर पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें फलदार, छायादार और पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से महत्वपूर्ण प्रजातियों के पौधे लगाए गए।