कतर के पूर्व अमीर के निधन पर भारत में राष्ट्रीय शोक, आज आधा झुका रहेगा तिरंगा; पीएम मोदी ने दी श्रद्धांजलि

0 46

नई दिल्ली: कतर के पूर्व शासक और ‘फादर अमीर’ शेख हमद बिन खलीफा अल-थानी के निधन पर भारत सरकार ने सोमवार, 13 जुलाई को पूरे देश में एक दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है। इस दौरान सभी सरकारी भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा और किसी भी प्रकार के आधिकारिक मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित नहीं किए जाएंगे।

74 वर्षीय शेख हमद बिन खलीफा अल-थानी के निधन के बाद भारत सरकार ने उनके सम्मान में यह फैसला लिया है। विदेश मंत्रालय ने बताया कि राष्ट्रीय शोक के दौरान देशभर में उन सभी भवनों पर तिरंगा आधा झुका रहेगा, जहां नियमित रूप से राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाता है।

पीएम मोदी ने जताया गहरा शोक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शेख हमद के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें भारत का सच्चा मित्र और दूरदर्शी नेता बताया। उन्होंने कहा कि शेख हमद ने कतर को विकास और समृद्धि की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि फरवरी 2024 में कतर यात्रा के दौरान उनसे मुलाकात उनके लिए यादगार रही। उन्होंने कतर के मौजूदा अमीर शेख तमीम बिन हमद अल-थानी, शाही परिवार और वहां की जनता के प्रति भी संवेदना प्रकट की।

चार दिन के सार्वजनिक शोक में है कतर

शेख हमद के निधन के बाद कतर सरकार ने रविवार से चार दिन के सार्वजनिक शोक की घोषणा की है। भारत सरकार की ओर से संसदीय और अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रीजीजू जल्द ही कतर जाकर शोक संवेदना व्यक्त करेंगे।

2013 में बेटे को सौंपी थी सत्ता

शेख हमद बिन खलीफा अल-थानी ने वर्ष 1995 से 2013 तक कतर पर शासन किया। वर्ष 2013 में उन्होंने स्वेच्छा से सत्ता अपने बेटे शेख तमीम बिन हमद अल-थानी को सौंप दी, जो वर्तमान में कतर के अमीर हैं।

उनके नेतृत्व में कतर ने आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की। इसी अवधि में भारत और कतर के द्विपक्षीय संबंध भी मजबूत हुए और कतर में भारतीय प्रवासियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.