6 महीने में दूसरी बार जालंधर पहुंचेंगे पीएम मोदी, 17 जुलाई को रेलवे स्टेशन की नई इमारत का करेंगे उद्घाटन

0 23

चंडीगढ़ : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को पंजाब के जालंधर दौरे पर रहेंगे। छह महीने के भीतर यह उनका दूसरा जालंधर दौरा होगा। इस दौरान प्रधानमंत्री जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन की नई इमारत का उद्घाटन करेंगे और अमृतसर के छेहरटा से वाराणसी तक चलने वाली श्री गुरु रविदास महाराज एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे। राजनीतिक हलकों में इस दौरे को आगामी पंजाब विधानसभा चुनावों के मद्देनजर भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

प्रधानमंत्री इससे पहले 1 फरवरी को श्री गुरु रविदास जी की 649वीं जयंती के अवसर पर जालंधर स्थित सचखंड डेरा बल्लां पहुंचे थे। उस दौरान उन्होंने संत श्री 1008 स्वामी निरंजन दास महाराज से मुलाकात की थी और आदमपुर सिविल एयरपोर्ट का नाम गुरु रविदास महाराज एयरपोर्ट रखने की घोषणा भी की गई थी।

रेलवे स्टेशन और नई ट्रेन की सौगात

17 जुलाई के कार्यक्रम में प्रधानमंत्री जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन की नवनिर्मित इमारत का लोकार्पण करेंगे। साथ ही छेहरटा (अमृतसर) से वाराणसी के बीच शुरू की जा रही श्री गुरु रविदास महाराज एक्सप्रेस को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। रेलवे और प्रशासन ने कार्यक्रम की तैयारियां तेज कर दी हैं।

दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी

प्रधानमंत्री के आगमन को देखते हुए समारोह स्थल पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन परिसर में वाटरप्रूफ पंडाल तैयार किया जा रहा है, जहां 5,000 से अधिक लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी। पूरे परिसर में बैरिकेडिंग की गई है और सुरक्षा की जिम्मेदारी स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (SPG) ने संभाल ली है।

प्रशासन ने शुरू किया निरीक्षण

जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। अधिकारियों के अनुसार प्रधानमंत्री दोपहर बाद जालंधर पहुंचेंगे। इससे पहले वह हरियाणा के जींद में आयोजित कार्यक्रम में हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के बाद पंजाब के लिए रवाना होंगे।

राजनीतिक दृष्टि से भी अहम माना जा रहा दौरा

प्रधानमंत्री का यह दौरा राजनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। खासकर दोआबा क्षेत्र में गुरु रविदास समाज की बड़ी आबादी को देखते हुए इस कार्यक्रम पर सभी प्रमुख राजनीतिक दलों की नजरें टिकी हैं। हालांकि, प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से विस्तृत आधिकारिक कार्यक्रम का इंतजार अभी भी किया जा रहा है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.