नोएडा: गौतमबुद्धनगर जिला प्रशासन ने अवैध खनन और अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ सख्त अभियान चलाते हुए बीते एक महीने में बड़ी कार्रवाई की है। अभियान के तहत अवैध खनन के 8 और अवैध परिवहन के 79 मामलों में कार्रवाई करते हुए कुल 87 वाहनों को सीज़ या चालान किया गया। साथ ही 46,39,860 रुपये का अर्थदंड भी वसूला गया है।
जिला खनन अधिकारी उत्कर्ष त्रिपाठी ने बताया कि जिलाधिकारी और अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के निर्देश पर पूरे जनपद में लगातार प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य अवैध खनन और बिना अनुमति खनिज परिवहन पर प्रभावी रोक लगाना है।
सेक्टर-80 में अवैध खनन करते पकड़ी गई कंपनी
12 जुलाई 2026 को नोएडा के सेक्टर-80 स्थित ग्राम ककराला में Rhombus Infra Pvt. Ltd. को अवैध खनन करते हुए पकड़ा गया। कार्रवाई के दौरान एक एक्सकैवेटर मशीन जब्त की गई। राजस्व विभाग द्वारा मौके की पैमाइश कराई गई और मामले में उत्तर प्रदेश उपखनिज (परिहार) नियमावली, 2021 के तहत दंडात्मक एवं विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
सोशल मीडिया शिकायत पर छापा, 4065 घनमीटर मिट्टी का अवैध खनन उजागर
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर मिली शिकायत के आधार पर सेक्टर-107 में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), सिटी मजिस्ट्रेट और जिला खनन अधिकारी ने संयुक्त निरीक्षण किया। जांच में करीब 4065 घनमीटर साधारण मिट्टी का बिना अनुमति खनन और परिवहन पाया गया। इस मामले में 5 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है और नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
कई थाना क्षेत्रों में जब्त हुई एक्सकैवेटर मशीनें
अभियान के दौरान कासना, रबूपुरा, जेवर और दनकौर थाना क्षेत्रों में भी कार्रवाई की गई। इनमें कासना में 1, रबूपुरा में 1, जेवर में 1 और दनकौर में 5 एक्सकैवेटर मशीनें जब्त की गईं। प्रशासन के अनुसार जून 2026 तक अवैध खनन के 8 और अवैध परिवहन के 79 मामलों में प्रभावी कार्रवाई दर्ज की गई है।
प्रशासन ने दी सख्त चेतावनी
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गौतमबुद्धनगर में अवैध खनन और अवैध परिवहन पर रोक लगाने के लिए अभियान लगातार और सख्ती के साथ जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।