विश्व युवा कौशल दिवस पर नोएडा में बड़ा रोजगार मेला, 437 युवाओं ने लिया हिस्सा, 257 को मिली नौकरी की सौगात
नोएडा: विश्व युवा कौशल दिवस (15 जुलाई) के उपलक्ष्य में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, नोएडा में जनपद स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी ने किया। रोजगार मेले में बड़ी संख्या में युवाओं ने हिस्सा लिया और विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों ने रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए।
12 कंपनियों ने लिया हिस्सा, 257 अभ्यर्थियों को किया शॉर्टलिस्ट
रोजगार मेले में 12 प्रतिष्ठित कंपनियों ने प्रतिभाग किया। गौतमबुद्धनगर और आसपास के क्षेत्रों से कुल 437 अभ्यर्थी साक्षात्कार प्रक्रिया में शामिल हुए। चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद विभिन्न कंपनियों ने 257 अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया।

कौशल विकास से आत्मनिर्भर बनने का दिया संदेश
मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी ने कहा कि कौशल विकास युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने युवाओं से अपने कौशल को लगातार बेहतर बनाने का आह्वान किया और चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
तकनीकी प्रशिक्षण के साथ रोजगार पर भी संस्थान का फोकस
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, नोएडा के प्रधानाचार्य अवनीन्द्र कुमार पाण्डेय ने बताया कि संस्थान गुणवत्तापूर्ण तकनीकी प्रशिक्षण देने के साथ-साथ प्रशिक्षुओं एवं युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए भी निरंतर प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि समय-समय पर रोजगार मेलों का आयोजन और उद्योगों के साथ समन्वय स्थापित कर युवाओं को बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना संस्थान की प्राथमिकता है।
अधिकारियों और कर्मचारियों के सहयोग से सफल रहा आयोजन
रोजगार मेले के सफल आयोजन में संस्थान के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन, गौतमबुद्धनगर से जिला कौशल प्रबंधक रवि कुमार प्रजापति और पूनम सिंह भी उपस्थित रहे।