गौतमबुद्धनगर में मातृ-शिशु पोषण को मिली रफ्तार! आंगनवाड़ी केंद्र पर टीएचआर वितरण, गोदभराई और अन्नप्राशन कार्यक्रम आयोजित
गौतमबुद्धनगर: महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से गुरुवार को आंगनवाड़ी केंद्र चिटेहरा में पंजीकृत लाभार्थियों के लिए टेक होम राशन (टीएचआर) वितरण, गोदभराई एवं अन्नप्राशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में दादरी के विधायक तेजपाल नागर और ब्लॉक प्रमुख विजेंद्र भाटी ने मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर पात्र लाभार्थियों को टीएचआर वितरित किया।
कार्यक्रम के दौरान छह गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की रस्म संपन्न कराई गई, जबकि छह बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी आयोजित किया गया। इसके अलावा 14 पात्र लाभार्थियों को टेक होम राशन (टीएचआर) का वितरण किया गया।
मातृ एवं शिशु पोषण को प्राथमिकता देने पर जोर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक तेजपाल नागर ने कहा कि प्रदेश सरकार मातृ एवं शिशु पोषण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक गुणवत्तापूर्ण पोषण पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने सभी लाभार्थियों से नियमित रूप से टेक होम राशन प्राप्त करने और उसका निर्धारित तरीके से उपयोग करने की अपील की।
पोषण और स्वास्थ्य के प्रति किया गया जागरूक
कार्यक्रम में शिव नादर फाउंडेशन से डिप्टी मैनेजर अर्चना और डॉ. आशुतोष भी मौजूद रहे। उन्होंने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा पोषण के क्षेत्र में विभाग द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की और उपस्थित लोगों को पोषण संबंधी जागरूकता अपनाने के लिए प्रेरित किया।
संतुलित आहार और स्वच्छता की दी गई जानकारी
इस अवसर पर सीडीपीओ दादरी, सीडीपीओ बिसरख परियोजना की सभी मुख्य सेविकाएं (सुपरवाइजर), आंगनवाड़ी कार्यकत्रियां, सहायिकाएं, बड़ी संख्या में लाभार्थी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों को संतुलित आहार, स्वच्छता और बच्चों के समुचित पोषण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी भी दी गई।