हरदोई में घरेलू विवाद बना खूनी वारदात, सिलबट्टे से हमला कर पत्नी की हत्या; आरोपी पति फरार

0 29

हरदोई: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में घरेलू विवाद के दौरान एक महिला की कथित तौर पर हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार, कासिमपुर थाना क्षेत्र के गौरी दायमपुर गांव में पति ने सिलबट्टे से हमला कर अपनी 35 वर्षीय पत्नी की जान ले ली। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

घरेलू विवाद के बाद हुआ जानलेवा हमला

पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार शाम करीब सात बजे गौरी दायमपुर गांव निवासी कुंज बिहारी और उसकी पत्नी मोनी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि कहासुनी बढ़ने पर कुंज बिहारी ने सिलबट्टे से पत्नी के सिर पर कई वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद आरोपी घर छोड़कर फरार हो गया। आसपास के लोगों को जब वारदात की जानकारी मिली तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

पड़ोसियों ने बताए पारिवारिक विवाद के हालात

मौके पर पहुंची पुलिस को ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी शराब पीने का आदी था और अक्सर पत्नी के साथ विवाद तथा मारपीट करता था। दंपति का एक बच्चा भी है। पड़ोसियों के अनुसार, घर में आए दिन होने वाले झगड़ों से परेशान परिजन बच्चे को अपने साथ दिल्ली ले गए थे, जबकि पति-पत्नी गांव में अकेले रह रहे थे।

पुलिस ने जुटाए साक्ष्य, आरोपी की तलाश जारी

घटना की सूचना पर थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने महिला के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।

पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद के दौरान हमला होने की बात सामने आई है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। मामले में विधिक कार्रवाई करते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.