‘मुस्कान-दामिनी जैसी मेरी पत्नी भी…’ पति का सनसनीखेज आरोप, बोला- प्रेमी संग मिलकर रच रही हत्या की साजिश; पुलिस से मांगी सुरक्षा

0 23

मेरठ: मेरठ में हाल के चर्चित हत्याकांडों के बीच एक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। शहर के एक युवक ने अपनी पत्नी और उसके कथित प्रेमी पर हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाते हुए पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है। युवक का कहना है कि उसकी पत्नी उसे मुस्कान, रविता और दामिनी जैसे मामलों का हवाला देकर जान से मारने की धमकी देती है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से लगाई गुहार

मुस्कान के नीले ड्रम कांड, मेरठ के हस्तिनापुर में रविता द्वारा कथित तौर पर प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या और दामिनी के चर्चित सांप कांड के बाद समाज में इस तरह की घटनाओं को लेकर डर का माहौल बना हुआ है। इसी बीच मेरठ के सिविल लाइंस क्षेत्र के एक युवक ने पुलिस अधिकारियों को शिकायत देकर आरोप लगाया कि उसकी पत्नी अपने कथित प्रेमी के साथ मिलकर उसकी हत्या की साजिश रच रही है। युवक का दावा है कि पत्नी उसे मुस्कान, रविता और दामिनी जैसी वारदात का अंजाम देने की धमकी देती है।

शादी के बाद प्रेम प्रसंग का चला पता, लगाया गंभीर आरोप

सर्वोदय कॉलोनी निवासी युवक के अनुसार उसकी शादी 22 जून 2025 को मेडिकल क्षेत्र की रहने वाली युवती से हुई थी। उसका आरोप है कि विवाह के बाद उसे पता चला कि पत्नी का किसी अन्य युवक से प्रेम संबंध है। युवक का कहना है कि इस बात को लेकर अक्सर विवाद होता था और पत्नी कई बार नाराज होकर मायके चली जाती थी। बाद में जानकारी जुटाने पर कथित प्रेम प्रसंग की पुष्टि हुई।

प्रेमी से हत्या कराने की धमकी देने का आरोप

युवक ने शिकायत में आरोप लगाया कि जब उसने पत्नी के कथित संबंधों का विरोध किया तो पत्नी ने अपने पुरुष मित्र के माध्यम से उसकी हत्या कराने की धमकी दी। उसका कहना है कि उसे लगातार अपनी जान का खतरा महसूस हो रहा है।

पत्नी को कथित प्रेमी के साथ देखने का दावा, वीडियो भी सौंपा

शिकायत के मुताबिक 14 जुलाई 2026 की रात करीब 10 बजे वह मेडिकल क्षेत्र की ओर किसी काम से जा रहा था। इसी दौरान उसने अपनी पत्नी को उसके कथित प्रेमी के साथ देखा और बाइक रुकवा ली। युवक का आरोप है कि मौके पर पत्नी ने हंगामा किया। उसने घटना का वीडियो भी बनाया, जिसे पुलिस को सौंपते हुए अपनी हत्या की आशंका जताई है। युवक ने पुलिस से कहा कि उसकी पत्नी भी मुस्कान, रविता और दामिनी की तरह उसके साथ वारदात कर सकती है।

पुलिस ने शुरू की जांच

मामले पर एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है। दोनों पक्षों को जांच के लिए बुलाया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

दामिनी मामले में सालगिरह पर रची गई थी हत्या की साजिश

जांच में सामने आया है कि दामिनी ने अपनी शादी की सालगिरह 27 जून के दिन ही पति अतुल की हत्या की कथित साजिश रची थी। आरोप है कि उसने पहले एक ड्राइवर को बड़ी रकम का लालच देकर कार से टक्कर मारकर हत्या कराने की योजना बनाई। जब वह प्रयास सफल नहीं हुआ तो बाद में सांप से डसवाने की साजिश रची गई। पूछताछ में इन तथ्यों का खुलासा होने का दावा किया गया है।

पहले एक्सीडेंट की योजना, फिर सांप से डसवाने का आरोप

जानकारी के अनुसार दामिनी ने अपने प्रेमी तुषार को कथित तौर पर हत्या की सुपारी दी थी और अग्रिम के रूप में 20 हजार रुपये भी दिए थे। आरोप है कि तुषार ने एक ड्राइवर को योजना में शामिल कर दुर्घटना के जरिए हत्या कराने की कोशिश की। ड्राइवर को यह भी कहा गया कि यदि पुलिस पूछताछ करे तो इसे सामान्य सड़क दुर्घटना बताया जाए। साथ ही पांच लाख रुपये देने और जमानत कराने का आश्वासन भी दिया गया। आरोप है कि कार से टक्कर मारने की कोशिश के बावजूद अतुल बच गया और मामला पुलिस तक न पहुंचे, इसलिए रिपोर्ट भी दर्ज नहीं कराई गई।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.