नई दिल्ली: देशभर में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है और मौसम विभाग ने बुधवार को 18 राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। अगले तीन से चार दिनों तक कई हिस्सों में तेज बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और मैदानी इलाकों में जलभराव तथा बाढ़ जैसी स्थिति बनने की आशंका जताई है।
इन 18 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, 22 जुलाई को उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली-एनसीआर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, गुजरात, ओडिशा, तेलंगाना, केरल, महाराष्ट्र तथा पूर्वोत्तर के राज्यों, जिनमें असम और मेघालय शामिल हैं, में भारी बारिश की संभावना है।
दिल्ली-एनसीआर में आज तेज बारिश के आसार
दिल्ली-एनसीआर में पूरे दिन बादल छाए रहने के साथ तेज हवाओं और भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, 23 जुलाई से मौसम में कुछ सुधार देखने को मिल सकता है।
उत्तर प्रदेश में 27 जुलाई तक बारिश का दौर
उत्तर प्रदेश के मेरठ, आगरा, प्रयागराज, कौशांबी समेत अधिकांश जिलों में 27 जुलाई तक रुक-रुककर तेज बारिश होने का अनुमान है। लगातार हो रही वर्षा के चलते कई इलाकों में जलभराव की स्थिति भी बन सकती है।
बिहार में आंधी और भारी बारिश की चेतावनी
बिहार के पटना, रोहतास, नवादा सहित कई जिलों में तेज आंधी के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों को जलभराव और यातायात प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है।
हिमाचल और उत्तराखंड में भूस्खलन का खतरा
हिमाचल प्रदेश के चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी जिलों के लिए भारी से अत्यधिक भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं उत्तराखंड के देहरादून, नैनीताल, टिहरी गढ़वाल, चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़, बागेश्वर, अल्मोड़ा और चंपावत समेत कई जिलों में 22 से 27 जुलाई तक मध्यम से भारी बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई गई है। इन क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका भी बनी हुई है।
जम्मू-कश्मीर में बाढ़ जैसे हालात
जम्मू-कश्मीर के कई हिस्सों में लगातार बारिश के कारण बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग ने 24 जुलाई तक लगातार बारिश का पूर्वानुमान जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
राजस्थान और मध्य प्रदेश में फिर सक्रिय हुआ मानसून
राजस्थान में कुछ दिनों के अंतराल के बाद मानसून फिर सक्रिय हो गया है। 22 से 26 जुलाई के बीच कोटा, जयपुर, भरतपुर, अजमेर, उदयपुर, जोधपुर और बीकानेर संभाग में अच्छी बारिश होने की संभावना है।
मध्य प्रदेश में भी मानसून ने दोबारा रफ्तार पकड़ ली है। नीमच, मंदसौर, उज्जैन, आगर मालवा, राजगढ़, सीहोर, शाजापुर, देवास, भोपाल, रायसेन, नर्मदापुरम, पंचमढ़ी, होशंगाबाद और नरसिंहपुर सहित कई जिलों में बारिश का पूर्वानुमान है।
पंजाब, ओडिशा और झारखंड में भी अलर्ट
पंजाब के कई जिलों में भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। ओडिशा में 27 जुलाई तक कई क्षेत्रों में बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है। वहीं झारखंड के रांची, बोकारो, धनबाद, जमशेदपुर, पश्चिमी सिंहभूम, हजारीबाग, गिरिडीह, देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, साहिबगंज, पलामू और गढ़वा समेत कई जिलों में बुधवार को बारिश की चेतावनी जारी की गई है।