गोरखपुर को आज मिलेगी 995 करोड़ की बड़ी सौगात! CM योगी करेंगे शहर के पहले सिक्सलेन फ्लाईओवर का लोकार्पण, 10 नई परियोजनाओं की रखेंगे नींव

0 19

गोरखपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को गोरखपुर को 995 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इस दौरान वह ट्रांसपोर्टनगर-पैडलेगंज सिक्सलेन फ्लाईओवर का लोकार्पण करेंगे और कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे। देवरिया बाईपास फोरलेन के पास आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री 813.52 करोड़ रुपये की चार परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 181.77 करोड़ रुपये की लागत वाली 10 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे।

शहर का पहला 2.6 किलोमीटर लंबा सिक्सलेन फ्लाईओवर ट्रांसपोर्टनगर से पैडलेगंज मार्ग पर तैयार किया गया है। इसके शुरू होने से शहर में यातायात पहले की तुलना में अधिक सुगम होने की उम्मीद है। इसके साथ ही पैडलेगंज से फिराक गोरखपुरी चौराहे तक मार्ग के फोरलेन चौड़ीकरण से महानगर की आंतरिक सड़क संपर्क व्यवस्था भी मजबूत हुई है।

इन परियोजनाओं का होगा लोकार्पण

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जिन प्रमुख परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे, उनमें 429 करोड़ रुपये की लागत से बना ट्रांसपोर्टनगर-पैडलेगंज सिक्सलेन फ्लाईओवर, 277.77 करोड़ रुपये की लागत से पैडलेगंज से फिराक गोरखपुरी चौराहे तक सड़क का फोरलेन चौड़ीकरण, 103.51 करोड़ रुपये की लागत से एयरफोर्स स्टेशन परिसर स्थित एमईएस ऑफिस कॉम्प्लेक्स की शिफ्टिंग तथा 2.74 करोड़ रुपये की लागत से थाना गुलरिहा में 48 क्षमता वाले हॉस्टल, बैरक और विवेचना कक्ष का निर्माण शामिल है।

इन विकास कार्यों की रखी जाएगी आधारशिला

मुख्यमंत्री 10 नई परियोजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे। इनमें 47.38 करोड़ रुपये की लागत से मुख्यमंत्री श्रमजीवी महिला छात्रावास का निर्माण, 73.64 करोड़ रुपये की लागत से नंदानगर पुलिस चौकी से शमशेर गेट मार्ग पर लेवल क्रॉसिंग के लिए अंडरपास और सर्विस रोड का निर्माण तथा राज्य स्मार्ट सिटी योजना के तहत विश्वविद्यालय चौक के पास 49.60 करोड़ रुपये की लागत से साइंस म्यूजियम का निर्माण प्रमुख परियोजनाएं हैं। इसके अलावा राजकीय महिला पॉलिटेक्निक में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस सहित अन्य विकास कार्यों की भी आधारशिला रखी जाएगी।

गोरखनाथ मंदिर में श्रीराम कथा का होगा शुभारंभ

गुरु पूर्णिमा सप्ताह के अवसर पर गोरखनाथ मंदिर में गुरुवार से सात दिवसीय श्रीराम कथा का शुभारंभ भी होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रयागराज के प्रसिद्ध कथावाचक आचार्य शांतनु महाराज कथा का वाचन करेंगे। कथा प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगी और 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के दिन पूर्णाहुति होगी।

भव्य शोभायात्रा के साथ शुरू होगा आयोजन

कथा प्रारंभ होने से पहले दोपहर 2:45 बजे गोरखनाथ मंदिर के गर्भगृह से महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन स्थित कथा मंडप तक भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, आचार्य शांतनु महाराज, साधु-संत, यजमान और 151 वेदपाठी विद्यार्थी शामिल होंगे। गोरखनाथ मंदिर प्रशासन के अनुसार, देश-विदेश के श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए श्रीराम कथा का सीधा प्रसारण मंदिर के आधिकारिक यूट्यूब, फेसबुक और एक्स मंच पर भी किया जाएगा।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.