श्रावण शिवरात्रि 2026: कांवड़ यात्रा मार्ग पर वन विभाग अलर्ट, पेड़ गिरने और बाधाओं से निपटने के लिए बनाया कंट्रोल रूम
गौतमबुद्धनगर: श्रावण शिवरात्रि-2026 के अवसर पर कांवड़ियों की सुरक्षित और सुचारु आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए गौतमबुद्धनगर वन प्रभाग ने कांवड़ यात्रा मार्ग के लिए विशेष कंट्रोल रूम स्थापित किया है। प्रभागीय वनाधिकारी ने बताया कि यात्रा के दौरान मार्ग में आने वाली झाड़ियों और पेड़ों की टहनियों की समय पर छंटाई कराई जाएगी। साथ ही आंधी या बारिश के कारण यदि कोई पेड़ मार्ग पर गिरता है तो उसे तत्काल हटाने की व्यवस्था भी की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
कांवड़ यात्रा समाप्त होने तक रहेगा कंट्रोल रूम सक्रिय
वन विभाग के अनुसार, कांवड़ यात्रा की पूरी अवधि तक कंट्रोल रूम लगातार सक्रिय रहेगा। इसके लिए कुलदीप कुमार, वैयक्तिक सहायक (मोबाइल नंबर: 8447619244) तथा अनामिका सिंह, वरिष्ठ सहायक (मोबाइल नंबर: 9456031509) को कंट्रोल रूम के लिए नामित किया गया है।
सूचना मिलते ही संबंधित अधिकारी करेंगे तत्काल कार्रवाई
प्रभागीय वनाधिकारी ने नामित कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि कांवड़ यात्रा की समाप्ति तक अपने-अपने मोबाइल फोन हर समय चालू रखें। किसी भी प्रकार की सूचना प्राप्त होने पर तत्काल संबंधित क्षेत्रीय वन अधिकारी को अवगत कराते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि यात्रा मार्ग पर किसी भी तरह की बाधा को तुरंत दूर किया जा सके।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और निर्बाध यात्रा पर वन विभाग का विशेष फोकस
वन विभाग का कहना है कि श्रावण शिवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में कांवड़ियों की आवाजाही को देखते हुए यात्रा मार्ग को सुरक्षित और बाधारहित बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। कंट्रोल रूम के माध्यम से प्राप्त होने वाली हर सूचना पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।