यूपी के अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ियों के लिए सुनहरा मौका, सरकारी नौकरी हेतु 8 अगस्त तक करें आवेदन

0 28

गौतमबुद्धनगर: उत्तर प्रदेश सरकार की उत्तर प्रदेश अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता सीधी भर्ती नियमावली-2022 के तहत प्रदेश के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। शासन के निर्देशों के क्रम में सहायक प्रशिक्षक, जिला खेल कार्यालय गौतमबुद्धनगर डॉ. परवेज अली ने बताया कि इस भर्ती प्रक्रिया में केवल प्रदेश के मूल निवासी ऐसे खिलाड़ी आवेदन कर सकते हैं, जिन्होंने 1 सितंबर 2020 या उसके बाद आयोजित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक हासिल किया हो।

 

चिन्हित विभागों में रिक्त पदों पर होगी नियुक्ति

 

डॉ. परवेज अली ने बताया कि नियमावली-2022 के अंतर्गत चयनित खिलाड़ियों की नियुक्ति विभिन्न चिन्हित विभागों में उपलब्ध रिक्त पदों के सापेक्ष की जाएगी। यह भर्ती प्रदेश के उत्कृष्ट खिलाड़ियों को उनकी खेल उपलब्धियों के आधार पर सरकारी सेवा में अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से की जा रही है।

 

8 अगस्त 2026 तक कर सकते हैं आवेदन

 

इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी निर्धारित प्रारूप में 08 अगस्त 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन पत्र का प्रारूप और भर्ती से संबंधित विस्तृत जानकारी खेल विभाग, उत्तर प्रदेश की आधिकारिक वेबसाइट तथा खेल साथी पोर्टल पर उपलब्ध कराई गई है, जहां से अभ्यर्थी आवेदन पत्र डाउनलोड कर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन कर सकते हैं।

 

अंतरराष्ट्रीय पदक विजेताओं को मिलेगा सरकारी सेवा का अवसर

 

खेल विभाग ने पात्र खिलाड़ियों से निर्धारित समयसीमा के भीतर आवेदन करने की अपील की है, ताकि नियमावली के तहत पात्र अभ्यर्थियों का चयन कर विभिन्न विभागों में रिक्त पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी की जा सके।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.