मुख्य विकास अधिकारी ने राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस की तैयारियों की समीक्षा, 10 अगस्त को 1 से 19 वर्ष के बच्चों को खिलाई जाएगी एल्बेंडाजोल की दवा

0 31

गौतमबुद्धनगर, 23 जुलाई 2026। जनपद में 1 से 19 वर्ष आयु वर्ग के सभी बच्चों को कृमि संक्रमण से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का आयोजन 10 अगस्त 2026 को किया जाएगा। अभियान के दौरान छूटे हुए बच्चों को आच्छादित करने के लिए 14 अगस्त 2026 को मॉप-अप दिवस आयोजित होगा। अभियान की तैयारियों की समीक्षा के लिए मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में स्वास्थ्य विभाग और अन्य संबंधित विभागों की अंतर्विभागीय बैठक आयोजित की गई।

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और कुपोषण की रोकथाम के लिए राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस शासन का अत्यंत महत्वपूर्ण कार्यक्रम है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को माइक्रो प्लान तैयार कर समयबद्ध कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए और कहा कि जनपद का कोई भी पात्र बच्चा एल्बेंडाजोल की दवा से वंचित नहीं रहना चाहिए।

उन्होंने स्वास्थ्य विभाग, बेसिक शिक्षा विभाग, माध्यमिक शिक्षा विभाग, पंचायती राज विभाग, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग, प्रोबेशन विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ अभियान का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही लक्षित बच्चों की संख्या के अनुसार सभी आयोजन स्थलों पर एल्बेंडाजोल गोलियों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

बैठक में निर्देश दिए गए कि माइक्रो प्लान के तहत सरकारी, सहायता प्राप्त एवं निजी विद्यालयों के साथ-साथ केंद्रीय विद्यालयों, आईटीआई, पॉलिटेक्निक, कौशल विकास संस्थानों तथा श्रमिकों के बच्चों को भी अभियान से जोड़ा जाए, ताकि कोई भी पात्र बच्चा कृमि मुक्ति कार्यक्रम से वंचित न रहे।

मुख्य विकास अधिकारी ने सभी विभागों को व्यापक जनजागरूकता एवं प्रचार-प्रसार अभियान चलाने के निर्देश देते हुए कहा कि अभिभावकों को कृमि मुक्ति के महत्व के प्रति जागरूक किया जाए, जिससे जनभागीदारी के साथ अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाया जा सके।

बैठक के दौरान उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.पी. सिंह एवं डीईआईसी प्रबंधक ने राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस अभियान की कार्ययोजना, दवा वितरण व्यवस्था और विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।

बैठक में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अशोक कुमार झा, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. उबेद कुरैशी, जिला कार्यक्रम अधिकारी (आईसीडीएस) अनामिका सिंह, एसएमओ डॉ. जितेंद्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.