24 घंटे में दूसरा VIDEO लेकर आए पीएम मोदी, Gen Z को कहा ‘थैंक यू’; युवाओं और पेपर लीक पर दिया बड़ा संदेश
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 24 घंटे के भीतर दूसरा वीडियो जारी करते हुए युवाओं, खासकर Gen Z का आभार जताया है। सोशल मीडिया पर साझा किए गए इस वीडियो में उन्होंने लोगों की सकारात्मक प्रतिक्रिया और सुझावों के लिए धन्यवाद कहा। साथ ही युवाओं के भविष्य और पेपर लीक जैसे मामलों पर सरकार के सख्त रुख को दोहराते हुए कहा कि छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
Gen Z का जताया आभार, कहा- हमारा जुड़ाव और मजबूत होगा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इंस्टाग्राम पर साझा किए गए वीडियो में कहा कि उन्हें देर रात लोगों से संवाद करने का अवसर मिला और वीडियो पर मिले सकारात्मक सुझावों तथा समर्थन के लिए वह सभी के आभारी हैं। उन्होंने कहा कि लोगों का प्यार और विश्वास आगे भी बना रहेगा और आपसी जुड़ाव पहले से अधिक मजबूत और सक्रिय होता जाएगा।
पेपर लीक पर सरकार के सख्त रुख को फिर दोहराया
प्रधानमंत्री का यह वीडियो उस घोषणा के एक दिन बाद सामने आया है, जिसमें उन्होंने पेपर लीक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिया था। नीट यूजी 2026 परीक्षा में कथित गड़बड़ियों को लेकर विरोध प्रदर्शन जारी हैं। इसी बीच प्रधानमंत्री ने छात्रों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि सरकार इस मुद्दे पर लगातार ठोस कदम उठा रही है।
फास्ट-ट्रैक कोर्ट और कड़े कानून की तैयारी
इससे पहले गुरुवार को साझा किए गए एक सेल्फ रिकॉर्डेड वीडियो में प्रधानमंत्री ने कहा था कि केंद्र सरकार पेपर लीक के मामलों में त्वरित न्याय सुनिश्चित करने के लिए फास्ट-ट्रैक कोर्ट और दोषियों के लिए कड़ी सजा से जुड़े एक मसौदा विधेयक पर विचार करेगी। उन्होंने बताया कि संबंधित विभागों को फास्ट-ट्रैक कोर्ट स्थापित करने के निर्देश दिए जा चुके हैं।
22 लाख छात्रों की परीक्षा समय पर कराने का किया जिक्र
प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार की सबसे बड़ी जिम्मेदारी यह सुनिश्चित करना था कि लाखों छात्रों का एक साल खराब न हो। उन्होंने बताया कि कम समय में करीब 22 लाख छात्रों की परीक्षा सफलतापूर्वक कराई गई और 19 जुलाई को परिणाम भी घोषित कर दिए गए। उन्होंने कहा कि देशभर से सफल छात्रों की खुशी की खबरें सामने आ रही हैं।
कैबिनेट में होगा ड्राफ्ट बिल पर मंथन
प्रधानमंत्री ने बताया कि संबंधित विभागों ने फास्ट-ट्रैक कोर्ट और कड़ी सजा से जुड़े प्रावधानों वाला मसौदा तैयार कर उन्हें सौंप दिया है। इस मसौदे पर शुक्रवार की कैबिनेट बैठक में चर्चा होगी। कैबिनेट सदस्यों के सुझाव शामिल करने के बाद इसे अंतिम रूप दिया जाएगा और मानसून सत्र के दूसरे सप्ताह में इसे जल्द से जल्द संसद में पारित कराने का प्रयास किया जाएगा।
‘युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को नहीं बख्शेंगे’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संदेश में कहा कि देश के युवाओं का भविष्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो लोग छात्रों और युवाओं के भविष्य को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करेंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।