CJP Protest: जंतर-मंतर प्रदर्शन को देश-विदेश से मिल रहा ऑनलाइन समर्थन, खाने से दवाइयों तक भेजी जा रही मदद

0 22

नई दिल्ली: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर जारी कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रदर्शन को देश ही नहीं, विदेशों से भी ऑनलाइन समर्थन मिल रहा है। प्रदर्शन स्थल पर प्रतिदिन हजारों छात्र, युवा और आम नागरिक पहुंच रहे हैं, जबकि जो लोग दिल्ली नहीं आ पा रहे हैं, वे ई-कॉमर्स और ऑनलाइन डिलीवरी प्लेटफॉर्म के जरिए भोजन, दवाइयां और अन्य जरूरी सामान भेजकर आंदोलन में सहयोग कर रहे हैं।

ऑनलाइन डिलीवरी के जरिए पहुंच रही राहत सामग्री

प्रदर्शन स्थल पर दिन-रात विभिन्न ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से खाद्य सामग्री और दैनिक उपयोग का सामान पहुंचाया जा रहा है। समर्थक देश के अलग-अलग राज्यों और विदेशों से जंतर-मंतर के पते पर ऑर्डर बुक कर प्रदर्शनकारियों के लिए मदद भेज रहे हैं। इसके चलते पूरे दिन डिलीवरी कर्मियों की आवाजाही बनी हुई है।

खाने से लेकर जरूरी सामान तक की हो रही आपूर्ति

प्रदर्शन स्थल पर पिज्जा, बर्गर, सैंडविच, डोसा, इडली, ढोकला, चाय, कोल्ड ड्रिंक, पानी की बोतलें और बिस्कुट जैसी खाद्य सामग्री लगातार पहुंच रही है। इसके अलावा सेब, केले और नाशपाती जैसे ताजे फल भी बड़ी मात्रा में भेजे जा रहे हैं। बारिश के मौसम को देखते हुए रेनकोट, छाते, चटाई, कपड़े और दवाइयों की भी आपूर्ति की जा रही है। महिला प्रदर्शनकारियों के लिए सैनिटरी पैड जैसी आवश्यक सामग्री भी समर्थकों द्वारा भेजी जा रही है।

दफ्तरों के कर्मचारी भी बन रहे प्रदर्शन का हिस्सा

जंतर-मंतर के आसपास स्थित सरकारी और निजी कार्यालयों के कर्मचारी भी दोपहर के समय प्रदर्शन स्थल पर पहुंच रहे हैं। लंच ब्रेक के दौरान वे प्रदर्शनकारियों से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ा रहे हैं और वहां उपलब्ध कराए जा रहे भोजन का भी उपयोग कर रहे हैं। इसके बाद वे वापस अपने कार्यस्थलों पर लौट जाते हैं।

डिलीवरी कर्मियों ने साझा किए अनुभव

प्रदर्शन स्थल पर फल पहुंचाने वाले जय मंगल कुमार ने बताया कि गुरुग्राम के एक समर्थक ने बड़ी मात्रा में सेब, केले और नाशपाती भेजी थी, जिसे उन्होंने सीजेपी के स्वयंसेवकों को सौंप दिया। वहीं डिलीवरी कर्मी मोहम्मद फरमान ने बताया कि उन्हें दूसरे राज्य से बुक किया गया ऑर्डर मिला, जिसमें पानी, बिस्कुट, दवाइयां और महिला प्रदर्शनकारियों के लिए आवश्यक सामग्री शामिल थी। ग्राहक ने निर्देश दिया था कि यह सामान जंतर-मंतर पहुंचाकर जरूरतमंदों तक पहुंचा दिया जाए।

एक अन्य डिलीवरी कर्मी आदिल खान ने बताया कि वह प्रतिदिन कई बार जंतर-मंतर पर अलग-अलग ऑर्डर पहुंचा रहे हैं। उनके अनुसार, देश और विदेश से समर्थक लगातार ऑनलाइन ऑर्डर कर प्रदर्शनकारियों तक आवश्यक सामान भेज रहे हैं।

सामग्री के वितरण के लिए वालंटियर टीम सक्रिय

प्रदर्शन स्थल पर पहुंच रही सामग्री का व्यवस्थित वितरण सुनिश्चित करने के लिए सीजेपी ने स्वयंसेवकों की विशेष टीम तैनात की है। वालंटियर दायित्व ने बताया कि देश और विदेश से युवाओं का व्यापक समर्थन मिल रहा है। वहीं फूड डिस्ट्रीब्यूशन टीम से जुड़े जिज्ञासु ने कहा कि उनका उद्देश्य डिलीवरी के जरिए आने वाले सामान को जरूरतमंदों तक व्यवस्थित ढंग से पहुंचाना और भोजन की बर्बादी रोकना है। बचा हुआ भोजन आसपास के जरूरतमंद लोगों में वितरित किया जाता है।

मांगें पूरी होने तक प्रदर्शन जारी रखने का दावा

वालंटियर जिज्ञासु ने कहा कि प्रदर्शनकारी तब तक जंतर-मंतर से नहीं हटेंगे, जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते और परीक्षा एवं शिक्षा व्यवस्था में ठोस सुधार नहीं किए जाते। उन्होंने आंदोलन को मिल रहे समर्थन के लिए देश-विदेश के लोगों का आभार भी व्यक्त किया।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.