OBC छात्रों के लिए बड़ी खबर! छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति के आवेदन शुरू, जानें रजिस्ट्रेशन से लेकर वेरिफिकेशन तक पूरा शेड्यूल
गौतमबुद्धनगर: उत्तर प्रदेश सरकार ने वित्तीय वर्ष एवं शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए अन्य पिछड़ा वर्ग (अल्पसंख्यक पिछड़ा वर्ग को छोड़कर) के विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति का लाभ देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी लवेश कुमार सिसौदिया ने बताया कि पूर्वदशम, दशमोत्तर और उच्च शिक्षा में अध्ययनरत पात्र छात्र-छात्राओं के लिए आवेदन और सत्यापन की समय-सारणी जारी कर दी गई है। इसके अनुसार सभी शिक्षण संस्थानों और विद्यार्थियों को निर्धारित तिथियों के भीतर प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
उच्च शिक्षा के विद्यार्थियों के लिए यह है पूरा कार्यक्रम
उच्च शिक्षा के अंतर्गत दशमोत्तर छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना के लिए शिक्षण संस्थान 22 जुलाई से 15 अगस्त 2026 तक मास्टर डाटा तैयार करेंगे। इसके बाद 25 जुलाई से 14 सितम्बर 2026 तक मास्टर डाटा का सत्यापन किया जाएगा।
पात्र छात्र-छात्राएं 15 सितम्बर से 15 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन पंजीकरण और आवेदन कर सकेंगे। वहीं शिक्षण संस्थानों को 15 सितम्बर से 25 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन सत्यापित कर अग्रसारित करने होंगे।
कक्षा 9 से 12 तक के छात्रों के लिए अलग समय-सारणी
पूर्वदशम छात्रवृत्ति (कक्षा 9-10) और दशमोत्तर छात्रवृत्ति (कक्षा 11-12) के लिए शिक्षण संस्थान 22 जुलाई से 5 अगस्त 2026 तक मास्टर डाटा तैयार करेंगे। मास्टर डाटा का सत्यापन 23 जुलाई से 9 अगस्त 2026 तक किया जाएगा।
इन कक्षाओं के छात्र-छात्राएं 11 अगस्त से 25 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। इसके बाद शिक्षण संस्थान 11 अगस्त से 30 अगस्त 2026 तक पात्र विद्यार्थियों के आवेदन ऑनलाइन सत्यापित कर अग्रसारित करेंगे।
निर्धारित समय में पूरी करनी होगी प्रक्रिया
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी लवेश कुमार सिसौदिया ने जनपद के सभी शिक्षण संस्थानों से अपील की है कि वे शासन द्वारा जारी समय-सारणी के अनुसार सभी आवश्यक कार्यवाही समयबद्ध तरीके से पूरी करें। उन्होंने कहा कि पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति का लाभ दिलाने के लिए निर्धारित कार्यक्रम का पालन करना अनिवार्य होगा।