ट्रक से भिड़ी वोल्वो बस, पुल से नीचे गिरे दोनों वाहन; 40 यात्री घायल, 10 की हालत गंभीर

0 27

अनंतपुर: आंध्र प्रदेश के अनंतपुर जिले में एक भीषण सड़क हादसे में निजी वोल्वो बस और आइशर ट्रक की टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दोनों वाहन अनियंत्रित होकर पोगुरु पुल से नीचे जा गिरे। हादसे में करीब 40 यात्री घायल हुए हैं, जिनमें 10 की हालत गंभीर बताई जा रही है। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि बस और ट्रक दोनों बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

हादसे के बाद मची चीख-पुकार, घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया

टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों के बीच चीख-पुकार शुरू हो गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से बस में फंसे घायलों को बाहर निकाला गया। सभी घायलों को उपचार के लिए पमिडी सरकारी अस्पताल ले जाया गया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए अनंतपुर सरकारी अस्पताल रेफर किया गया है।

बस चालक वाहन में बुरी तरह फंसा, जेसीबी की मदद से निकाला

हादसे में बस चालक वाहन के अंदर बुरी तरह फंस गया था। उसे बाहर निकालने के लिए पुलिस ने जेसीबी की मदद ली। काफी मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकाला जा सका। बताया जा रहा है कि चालक के पैर में गंभीर चोट आई है।

पुलिस ने दर्ज किया मामला, हादसे की वजह तलाशने में जुटी

पुलिस ने दुर्घटना के संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बस और ट्रक के बीच टक्कर किन परिस्थितियों में हुई। हादसे के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।

पुलिस और स्थानीय अधिकारियों की टीम ने संभाला मोर्चा

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा बेहद भीषण था। बस और ट्रक की टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय अधिकारियों की टीम घटनास्थल पर पहुंची। राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए यात्रियों को वाहनों से बाहर निकाला गया और घायलों को अस्पताल भेजा गया।

पिछले महीने विजयनगरम में भी हुआ था बड़ा हादसा, 3 की मौत

आंध्र प्रदेश के विजयनगरम जिले में पिछले महीने भी एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई थी। चेल्लुरु में हुई इस दुर्घटना में 8 साल के बच्चे समेत तीन लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 13 अन्य लोग घायल हुए थे। पुलिस के अनुसार, हादसे के शिकार लोग तीर्थयात्रा के लिए रायगढ़ा जा रही एक वैन में सवार थे।

खड़ी वैन को तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से मारी टक्कर

चेल्लुरु के पास वैन रुकी हुई थी। इसी दौरान विशाखापत्तनम की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से वैन को टक्कर मार दी। दुर्घटना में घायल लोगों को विजयनगरम के अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.