नोएडा में APK लिंक ने खाली किए तीन परिवारों के खाते, 20 लाख की साइबर ठगी; IGL बिल और सस्ते बीमा का दिया झांसा

0 89

नोएडा: मोबाइल पर आए अनजान लिंक और आकर्षक ऑफर के लालच में नोएडा के तीन लोगों को बड़ा आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। साइबर ठगों ने अलग-अलग तरीकों से एपीके फाइल भेजकर एक महिला और दो पुरुषों से कुल 20 लाख रुपये ठग लिए। तीनों मामलों में ठगी के लिए एपीके फाइल का इस्तेमाल किया गया। शिकायत मिलने के बाद साइबर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

वीडियो गेम खेलते समय बच्चे ने खोला APK लिंक

सेक्टर 45 निवासी शबनम के मामले में ठगी की शुरुआत मोबाइल पर वीडियो गेम खेलने के दौरान हुई। उनका बच्चा गेम खेल रहा था और इसी दौरान उसने एक एपीके फाइल के लिंक पर क्लिक कर दिया। इसके बाद कुछ ही समय में ठगों ने मोबाइल का नियंत्रण हासिल कर लिया और बैंक खाते से छह लाख रुपये निकाल लिए गए।

शबनम एक फैक्ट्री में नौकरी करती हैं। खाते से रकम निकलने का संदेश मिलने के बाद उन्हें ठगी का पता चला। उन्होंने साइबर पुलिस से शिकायत कर रकम वापस दिलाने की गुहार लगाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

सस्ते बीमा के नाम पर महिला से 6 लाख की ठगी

सेक्टर 76 निवासी डिजाइनर आरती को भी साइबर ठगों ने अपना निशाना बनाया। 17 मार्च को उनके पास अमित मेहता नाम के व्यक्ति का फोन आया। उसने खुद को जीवन सुरक्षा कंपनी का कर्मचारी बताते हुए सस्ती दर पर बीमा कराने की बात कही।

बीमा के लिए आवेदन भरवाने के बहाने आरती को एपीके फाइल भेजी गई। फाइल के जरिए ठगों ने उनके खाते से छह लाख रुपये उड़ा लिए। ठगी का पता चलने के बाद उन्होंने साइबर अपराध थाने में शिकायत दर्ज कराई।

बकाया IGL बिल के नाम पर 8 लाख रुपये उड़ाए

तीसरे मामले में सेक्टर 93 निवासी राजकुमार को ठगों ने बकाया आईजीएल बिल का झांसा दिया। ठगों ने एपीके फाइल के रूप में बकाया बिल भेजा। इसे लेकर कार्रवाई करने के नाम पर पीड़ित को जाल में फंसाया गया और उनके खाते से आठ लाख रुपये निकाल लिए गए।

तीनों पीड़ितों ने साइबर अपराध थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामलों में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.