19 साल बाद ‘आवारापन 2’ की धूम, एडवांस बुकिंग में 5 करोड़ पार; ‘बंटवारा 1947’ को देगी कड़ी टक्कर

0 152

नई दिल्ली: इमरान हाशमी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘आवारापन 2’ सिनेमाघरों में दस्तक देने से पहले ही बॉक्स ऑफिस पर अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज करा रही है। 2007 में रिलीज हुई ‘आवारापन’ भले ही बॉक्स ऑफिस पर सफल नहीं हो पाई थी, लेकिन समय के साथ यह फिल्म कल्ट क्लासिक बन गई। अब 19 साल बाद इसके सीक्वल को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है और इसका असर एडवांस बुकिंग पर भी नजर आ रहा है।

तीन दिन में करोड़ों का एडवांस कलेक्शन

‘आवारापन 2’ की एडवांस बुकिंग सोमवार से शुरू हुई थी। महज तीन दिनों में फिल्म के लिए बड़ी संख्या में टिकट बिक चुके हैं। सैकनिल्क के मुताबिक, देशभर में इमरान हाशमी स्टारर फिल्म को 5,783 शो मिले हैं और अब तक 95,414 टिकटों की बिक्री हो चुकी है।

एडवांस बुकिंग से फिल्म ने अब तक 3.06 करोड़ रुपये का कारोबार किया है। वहीं, ब्लॉक सीट्स की कमाई को शामिल करने पर यह आंकड़ा 5.2 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। फिल्म की एडवांस बुकिंग को देखते हुए उम्मीद की जा रही है कि गुरुवार को भी टिकटों की बिक्री जारी रहेगी।

पहली फिल्म नहीं चली, फिर बनी कल्ट क्लासिक

‘आवारापन’ साल 2007 में रिलीज हुई थी। फिल्म को सकारात्मक समीक्षाएं मिली थीं और इसके गाने भी दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय हुए थे। इसके बावजूद फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफलता हासिल नहीं कर सकी। हालांकि, समय के साथ फिल्म ने दर्शकों के बीच अपनी खास जगह बनाई और इसे कल्ट क्लासिक के तौर पर पहचान मिली।

अब ‘आवारापन 2’ को लेकर दर्शकों की उत्सुकता काफी बढ़ी हुई है। फिल्म की एडवांस बुकिंग के आंकड़े इस बात की ओर इशारा कर रहे हैं कि सीक्वल को रिलीज से पहले ही अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है।

‘बंटवारा 1947’ से होगा सीधा मुकाबला

‘आवारापन 2’ शुक्रवार, 14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। बॉक्स ऑफिस पर इसका मुकाबला सनी देओल की फिल्म ‘बंटवारा 1947’ से होगा। दोनों फिल्मों की रिलीज एक ही दिन होने के कारण इनके बीच सीधी टक्कर देखने को मिलेगी।

एडवांस बुकिंग के आंकड़ों में फिलहाल ‘आवारापन 2’ आगे नजर आ रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, ‘बंटवारा 1947’ ने ब्लॉक सीट्स को मिलाकर अब तक करीब 2 करोड़ रुपये का कारोबार किया है। अब दोनों फिल्मों की रिलीज के बाद पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर किसे बढ़त मिलती है, यह देखना दिलचस्प होगा।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.