सेक्टर-137 में 4.01 करोड़ रुपये से बनेगा सामुदायिक केंद्र, नौ महीने में पूरा होगा निर्माण

0 132

नोएडा: मुख्य कार्यपालक अधिकारी के निर्देश पर नोएडा के सेक्टर-137 में 401.93 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक केंद्र का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए निविदा प्रक्रिया पूरी कर निविदा प्रकाशित की जा चुकी है। प्रस्तावित सामुदायिक केंद्र के निर्माण से सेक्टर-137 के आसपास रहने वाले लोगों को विभिन्न सामाजिक और सामुदायिक आयोजनों के लिए सुविधा मिलेगी।

5000 वर्ग मीटर के भूखंड पर होगा निर्माण

प्रस्तावित सामुदायिक केंद्र के लिए 5000 वर्ग मीटर क्षेत्रफल का भूखंड निर्धारित किया गया है। इसमें करीब 500 वर्ग मीटर क्षेत्र में भवन का निर्माण कराया जाएगा। भवन की संरचना में एक डबल स्टोरी हॉल बनाया जाएगा, जिसका क्षेत्रफल 198 वर्ग मीटर होगा।

दोनों मंजिलों पर कमरे और शौचालय की सुविधा

सामुदायिक केंद्र के भूतल पर चार कमरे बनाए जाएंगे। इनमें फ्लोरिंग के लिए कोटा स्टोन और एल्युमिनियम ग्लास विंडो का इस्तेमाल किया जाएगा। इसके अलावा महिला और पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालय बनाए जाएंगे, जिनमें विट्रीफाइड टाइल लगाई जाएगी।

प्रथम तल पर भी चार कमरों का निर्माण प्रस्तावित है। इन कमरों में कोटा स्टोन की फ्लोरिंग और एल्युमिनियम ग्लास विंडो लगाई जाएंगी। इस तल पर भी महिला और पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालय की व्यवस्था होगी।

करीब 4500 वर्ग मीटर में होगी पार्किंग

सामुदायिक केंद्र के भूखंड के शेष करीब 4500 वर्ग मीटर क्षेत्र में लॉन और वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। इससे सामुदायिक केंद्र में आने वाले लोगों को कार्यक्रमों के दौरान वाहन खड़ा करने के लिए पर्याप्त स्थान मिल सकेगा।

नौ महीने में पूरा होने की उम्मीद

प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार सामुदायिक केंद्र का निर्माण कार्य पूरा होने में लगभग नौ महीने का समय लगने की संभावना है। निर्माण पूरा होने के बाद सेक्टर-137 में स्थानीय लोगों को सामुदायिक आयोजनों के लिए एक सुविधाजनक केंद्र उपलब्ध हो सकेगा।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.