गौतमबुद्धनगर में धूमधाम से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस, डीएम ने शहीदों के बलिदान को किया नमन

0 206

गौतमबुद्धनगर: जनपद में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट प्रांगण और कैंप कार्यालय में ध्वजारोहण किया। कलेक्ट्रेट में ध्वजारोहण के बाद अधिकारियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान में हिस्सा लिया।

स्वतंत्रता संग्राम सेनानी की पुत्री को किया सम्मानित

स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय शिव नारायण गुप्ता की पुत्री संध्या गुप्ता को शॉल भेंट कर सम्मानित किया। वहीं, धर्म पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में मौजूद लोगों का मन मोह लिया। उत्कृष्ट प्रस्तुति देने वाले विद्यार्थियों को जिलाधिकारी ने पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया।

शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को किया याद

ध्वजारोहण कार्यक्रम के बाद देश के अमर शहीदों के बलिदान और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के योगदान को याद करते हुए विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों, कर्मचारियों, नागरिकों और जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और सभी के सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

जिलाधिकारी ने कहा कि देश की आजादी असंख्य वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, तपस्या और बलिदान का परिणाम है। आज भारत निरंतर प्रगति और विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस को केवल एक दिन के उत्सव तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि इस अवसर पर देश के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को समझते हुए उनका निर्वहन करने का संकल्प लेना चाहिए।

स्वच्छता और सामाजिक सेवा में भागीदारी की अपील

जिलाधिकारी ने नागरिकों से देशभक्ति की भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने और स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को स्वयं स्वच्छता अपनाने के साथ परिवार, आसपास के लोगों और समाज के अन्य नागरिकों को भी इसके लिए प्रेरित करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि समाज के जरूरतमंद और निराश्रित लोगों की सहायता के लिए प्रत्येक व्यक्ति अपने स्तर से योगदान दे सकता है। जन्मदिन, वर्षगांठ और अन्य विशेष अवसरों को जरूरतमंदों की सहायता एवं सेवा के लिए समर्पित किया जा सकता है।

बच्चों को स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान से अवगत कराने पर जोर

जिलाधिकारी ने कहा कि बच्चों को देश के महान स्वतंत्रता सेनानियों और वीर शहीदों के त्याग एवं बलिदान के बारे में जानकारी दी जानी चाहिए। उन्हें यह समझाना जरूरी है कि देश की आजादी के लिए वीरों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया था और देश के प्रति जिम्मेदारी आज भी प्रत्येक नागरिक की है।

उन्होंने कहा कि जीवन में किए जाने वाले छोटे-छोटे सकारात्मक कार्यों के माध्यम से भी देश और समाज के लिए योगदान दिया जा सकता है। उन्होंने सभी से जमीन से जुड़कर राष्ट्रहित में काम करने का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि यही स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर वीर शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि और राष्ट्र के प्रति वास्तविक देशभक्ति होगी।

अधिकारियों-कर्मचारियों से ईमानदारी से कार्य करने का आह्वान

जिलाधिकारी ने अधिकारियों और कर्मचारियों का आह्वान किया कि वे अपने-अपने कार्यक्षेत्र में पूरी मेहनत और ईमानदारी के साथ कार्य करें तथा विकास कार्यों को और अधिक गति दें। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और देशहित की भावना से करेगा तो भारत के अमर शहीदों के सपनों का सशक्त, समृद्ध और विकसित भारत बनाने की दिशा में देश और मजबूती से आगे बढ़ सकेगा।

धर्म पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने बांधा समां

समारोह में धर्म पब्लिक स्कूल, ग्रेटर नोएडा के विद्यार्थियों ने देशभक्ति पर आधारित मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने अधिकारियों, कर्मचारियों और अतिथियों में देशभक्ति की भावना का संचार किया और सभी का मन मोह लिया।

कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अजीत कुमार, अपर जिलाधिकारी भू0/अ0 अरूण कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रियंका, डिप्टी कलेक्टर हरिशंकर लाल, अरूण वर्मा, जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार सहित संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

कैंप कार्यालय में भी किया गया ध्वजारोहण

इसी क्रम में कैंप कार्यालय में भी जिलाधिकारी ने ध्वजारोहण किया। राष्ट्रगान के बाद जिलाधिकारी ने वहां मौजूद बच्चों को उपहार भेंट किए और उनका उत्साहवर्धन किया।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.