16 मिनट में 16 रुपये के कपड़ों का ऑफर पड़ा भारी, कानपुर में व्यापारी के जन्मदिन पर उमड़ी भीड़; पुलिस ने खदेड़ा तो मची भगदड़
कानपुर: अनवरगंज क्षेत्र के आलम मार्केट में एक व्यापारी के जन्मदिन पर 16 मिनट में 16 रुपये में कपड़े खरीदने के ऑफर ने स्वतंत्रता दिवस की रात भारी भीड़ जुटा दी। दुकान के बाहर सैकड़ों लोगों के जमा होने से सड़क और चौराहा जाम हो गया। स्थिति संभालने पहुंची पुलिस के समझाने के बावजूद जब लोग नहीं हटे तो पुलिस ने लाठियां पटककर भीड़ को खदेड़ा। इसके बाद भगदड़ मच गई, जिसमें कई लोग चुटहिल हो गए।
सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया था ऑफर
आलम मार्केट के कपड़ा व्यापारी रईस आलम का जन्मदिन 16 अगस्त को है। जन्मदिन के मौके पर उन्होंने फेसबुक, इंस्टाग्राम समेत इंटरनेट मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर अपनी आलमस मार्ट दुकान के लिए एक विशेष ऑफर प्रसारित किया था।
ऑफर में स्वतंत्रता दिवस की रात 11:59 बजे के बाद 16 मिनट तक प्रति कपड़ा 16 रुपये में खरीदारी का मौका देने की बात कही गई थी। ऑफर की जानकारी फैलते ही देर रात दुकान के बाहर लोगों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई। कुछ ही देर में वहां सैकड़ों लोग जमा हो गए।
दुकान बंद होने पर शुरू हुआ हंगामा
भीड़ बढ़ने के कारण सड़क और चौराहे पर जाम की स्थिति बन गई। भारी भीड़ को देखते हुए दुकान बंद कर दी गई। इसके बाद वहां मौजूद लोग हंगामा करने लगे। स्थिति बिगड़ने की सूचना पर एसीपी अनवरगंज समेत थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को वहां से हटाने का प्रयास किया।
पुलिस के समझाने के बावजूद जब लोग हटने को तैयार नहीं हुए तो उन्हें खदेड़ने के लिए लाठियां पटकी गईं। इसके बाद अचानक भगदड़ मच गई। भागने की कोशिश में कई लोग एक-दूसरे के ऊपर गिर गए, जिससे कई लोग चुटहिल हो गए। भगदड़ के दौरान कई लोगों की चप्पलें भी मौके पर छूट गईं।
पुलिस बोली- बल प्रयोग नहीं किया गया
एसीपी अनवरगंज मंजय सिंह ने बताया कि दुकानदार की ओर से 16 मिनट में 16 रुपये में कपड़े देने के ऑफर के कारण बड़ी संख्या में लोग वहां जमा हुए थे। पुलिस ने लोगों को समझाकर मौके से हटा दिया।
एसीपी के अनुसार, किसी प्रकार का बल प्रयोग नहीं किया गया है। मामले में पूरे घटनाक्रम के तथ्यों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।