वाराणसी एयरपोर्ट पर लाइसेंसी पिस्टल से अचानक चली गोली, दो कर्मचारी घायल; मैगजीन निकालते वक्त दब गया ट्रिगर

0 27

वाराणसी: लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के टर्मिनल भवन में रविवार सुबह सुरक्षा जांच के दौरान यात्री की लाइसेंसी पिस्टल से अचानक गोली चल गई। फायरिंग की चपेट में आने से एयरपोर्ट के दो कर्मचारी घायल हो गए। महिला कर्मचारी के पैर में गोली लगी, जबकि एक गोली पुरुष कर्मचारी के हाथ को छूते हुए निकल गई। दोनों घायलों को उपचार के लिए कबीरचौरा मंडलीय अस्पताल भेजा गया है।

मैगजीन निकालते समय चली गोली

आजमगढ़ निवासी 55 वर्षीय कमलेश राय रविवार सुबह करीब पौने दस बजे एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट से मुंबई जाने के लिए एयरपोर्ट पहुंचे थे। उनके पास लाइसेंसी पिस्टल थी। निर्धारित प्रक्रिया के तहत एयरपोर्ट पर ऐसे असलहे को सील करके पायलट केबिन में रखा जाता है।

असलहा जमा करने से पहले करनी होती है मैगजीन अलग

असलहा जमा करने की प्रक्रिया के दौरान पिस्टल की मैगजीन को हथियार से अलग करना जरूरी होता है। इसके लिए एयरलाइंस की ओर से निर्धारित शुल्क भी लिया जाता है। इसी प्रक्रिया के दौरान कमलेश राय पिस्टल की मैगजीन निकाल रहे थे। इसी दौरान अचानक ट्रिगर दब गया और गोली चल गई।

सुरक्षा एजेंसियों ने यात्री को हिरासत में लिया

घटना के बाद एयरपोर्ट पर मौजूद सुरक्षा एजेंसियों ने कमलेश राय को हिरासत में ले लिया। उनसे घटना को लेकर पूछताछ की जा रही है। वहीं, घायल दोनों एयरपोर्ट कर्मचारियों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.