सीएम योगी की युवाओं को पाती, बोले- ‘युवा शक्ति ही विकसित यूपी की सबसे बड़ी पूंजी’, राष्ट्रनिर्माण में निभाएं जिम्मेदारी

0 31

लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों के नाम लिखी अपनी पाती में युवाओं से आत्मनिर्माण के साथ राष्ट्रनिर्माण में भी सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी पूंजी है और युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा, अनुशासन तथा संकल्प के बल पर विकसित उत्तर प्रदेश के निर्माण का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को आगे बढ़ने के लिए हरसंभव अवसर उपलब्ध करा रही है, जरूरत है कि किशोर और युवा इन अवसरों का पूरा लाभ उठाएं।

‘हर घर तिरंगा’ अभियान की पूर्णाहुति पर दी बधाई

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी पाती में ‘हर घर तिरंगा’ महाअभियान का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में पांच करोड़ घरों में तिरंगा फहराने के महायज्ञ की पूर्णाहुति हो रही है। उन्होंने इस अभियान में उत्साह और उमंग के साथ भागीदारी करने वाले प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की नई क्षमता जब विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धियों के रूप में दिखाई देती है तो इससे मन प्रसन्न होता है।

देश के लिए शहीद होने वाले वीरों को किया याद

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब संकल्प का कोई विकल्प नहीं रह जाता, तब असंभव दिखाई देने वाले लक्ष्य भी हासिल किए जा सकते हैं। स्वतंत्रता दिवस देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीरों के संकल्पों की याद दिलाता है। उन्होंने बाबू बंधू सिंह, खुदीराम बोस, राजेंद्र नाथ लाहिड़ी, ठाकुर रोशन सिंह और पंडित राम प्रसाद ‘बिस्मिल’ जैसे वीर सपूतों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन महान क्रांतिकारियों ने युवावस्था में ही राष्ट्र के लिए अपना सब कुछ समर्पित कर दिया था।

किशोरावस्था और युवावस्था को बताया जीवन का स्वर्णिम दौर

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि किशोरावस्था और युवावस्था जीवन का स्वर्णिम दौर होती है। इसी समय सपने आकार लेते हैं, व्यक्तित्व का निर्माण होता है और कुछ कर गुजरने की इच्छा मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि यही वह दौर है जब यह तय होता है कि किसी व्यक्ति की ऊर्जा और क्षमता केवल उसके अपने भविष्य को दिशा देगी या समाज और राष्ट्र के भविष्य को भी नई दिशा देगी।

‘उम्र छोटी हो सकती है, संकल्प और सामर्थ्य बड़ा होना चाहिए’

मुख्यमंत्री ने भारतीय इतिहास के कई उदाहरणों का जिक्र करते हुए कहा कि देश में ऐसी अनेक विभूतियां रही हैं, जिन्होंने कम उम्र में ही भारत और दुनिया को रास्ता दिखाया। उन्होंने आदि शंकराचार्य का उदाहरण देते हुए कहा कि उन्होंने अल्पायु में भारत की आध्यात्मिक चेतना को एक सूत्र में पिरोया। वहीं, स्वामी विवेकानंद ने युवावस्था में भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक शक्ति का संदेश पूरी दुनिया तक पहुंचाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इनका जीवन सिखाता है कि उम्र छोटी हो सकती है, लेकिन संकल्प और सामर्थ्य बड़ा होना चाहिए।

26 साल की उम्र में पहली बार लोकसभा पहुंचे थे योगी

अपनी पाती में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सार्वजनिक जीवन का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि जब वह 26 वर्ष की उम्र में पहली बार लोकसभा के लिए निर्वाचित हुए और सार्वजनिक जीवन का व्रत लिया, तब से राष्ट्रसेवा और जनसेवा के आदर्श उनके लिए सर्वोपरि रहे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को आगे बढ़ने के लिए हरसंभव अवसर उपलब्ध करा रही है। पिछले साढ़े नौ वर्षों में शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार, स्वरोजगार और खेल के क्षेत्रों में युवाओं के लिए कई अवसर उपलब्ध कराए गए हैं। उन्होंने किशोरों और युवाओं से इन अवसरों का लाभ उठाने की अपील की।

योग और व्यायाम को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील

मुख्यमंत्री ने युवाओं से अपने व्यक्तिगत संकल्प को राष्ट्रनिर्माण के व्यापक लक्ष्य से जोड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि अपने संकल्प को मजबूत करने के लिए नियमित योग और व्यायाम को जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने तिरंगे के मूल्यों शौर्य, शांति और समृद्धि को जीवन में अपनाने तथा जाति-पाति से ऊपर उठकर एकता और सामाजिक समरसता का रास्ता चुनने का आह्वान किया।

‘आत्मनिर्माण से राष्ट्रनिर्माण का दायित्व युवाओं के कंधों पर’

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी पाती के अंत में युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आत्मनिर्माण से राष्ट्रनिर्माण का महती दायित्व उनके कंधों पर है। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा, अनुशासन और संकल्प से ही विकसित उत्तर प्रदेश के निर्माण का लक्ष्य साकार होगा। मुख्यमंत्री ने इसी युवा शक्ति को उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी पूंजी बताया।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.